जहरीली दवाई पीने से छात्र की मौत, परिजनों ने वार्डन और टीजी शिक्षक पर लगाए आरोप
कसरावद। The India Speaks Desk
कसरावद थाना क्षेत्र के अंतर्गत बोरावां स्थित एक बी फार्मेसी कॉलेज में अध्ययनरत छात्र ने जहरीली दवाई पीकर आत्महत्या कर ली। मृतक छात्र की पहचान सचिन जायसवाल के रूप में हुई है, जो बी फार्मेसी द्वितीय वर्ष का छात्र था। इलाज के दौरान जिला अस्पताल खरगोन में उसकी मौत हो गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सचिन ने जहरीली दवाई पी ली थी। कल देर शाम हॉस्टल में मौजूद उसके साथियों ने उसकी हालत बिगड़ती देख उसे तत्काल जिला अस्पताल खरगोन में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन छात्र को बचाया नहीं जा सका।
मानसिक तनाव में था छात्र, कॉलेज प्रशासन पर लापरवाही का आरोप
मृतक छात्र के भाई ने कॉलेज प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि सचिन लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान था और उसने अपनी समस्या से कॉलेज प्रशासन को अवगत भी कराया था, लेकिन उसकी कोई सुनवाई नहीं की गई।
“सचिन तनाव में था और उसने कॉलेज प्रबंधन से हॉस्टल से छुट्टी की मांग की थी, लेकिन वार्डन और टीजी शिक्षक ने उसे छुट्टी नहीं दी”
— मृतक छात्र का भाई
परिजनों ने कॉलेज के वार्डन और टीजी शिक्षक कौशल पटेल पर आरोप लगाया है कि छात्र को समय रहते हॉस्टल से छुट्टी नहीं दी गई, जिससे वह और अधिक मानसिक दबाव में आ गया। परिजनों का कहना है कि यदि कॉलेज प्रबंधन समय रहते स्थिति की गंभीरता को समझता, तो यह दुखद घटना टाली जा सकती थी।
मृतक छात्र सचिन जायसवाल, खंडवा जिले के गुड़ी गांव का निवासी था। घटना की सूचना मिलते ही कसरावद पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
📞 7772828778 | 7723024600
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कॉलेज प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।












