लोकमाता देवी अहिल्यालोक आदर्शों और स्थानीय पर्यटन को देगा नई पहचान
खरगोन। The India Speaks Desk
मध्यप्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कैलाश विश्वास सारंग ने कहा है कि प्रदेश में खेल और विकास दोनों ही क्षेत्रों में निरंतर प्रगति हो रही है। उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में 11 खेल अकादमियां संचालित हैं, जहां से तैयार खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर रहे हैं।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि अंत्योदय की अवधारणा से प्रेरित होकर प्रदेश सरकार हर वर्ग के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। इसी क्रम में खरगोन जिले में शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, पर्यटन, सहकारिता, अधोसंरचना, सिंचाई और नारी सशक्तिकरण जैसे क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं, जिससे जिले का प्रत्येक वर्ग आर्थिक मुख्यधारा से जुड़ रहा है।
लोकमाता देवी अहिल्यालोक बनेगा आस्था और पर्यटन का केंद्र
प्रभारी मंत्री ने बताया कि जिले में लोकमाता देवी अहिल्यालोक की स्थापना के माध्यम से राज्य शासन लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर के आदर्शों को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाने के साथ-साथ स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा दे रहा है।
“लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर का व्यक्तित्व जनकल्याण, न्यायप्रियता, सांस्कृतिक पुनर्जागरण और आर्थिक उत्थान का प्रतीक है, जो आज भी समाज को प्रेरणा देता है।”
मंत्री श्री सारंग ने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्य कर रही है और भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो सरकार को सही दिशा दिखाने और जनहित के मुद्दों को सामने लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।












