खरगोन, 22 अगस्त 2025।
नगर पालिका खरगोन द्वारा शहर में 18 अगस्त से अतिक्रमण हटाओ मुहिम चलाई जा रही है, जिसका मकसद शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाना और यातायात को सुगम करना है। इसी अभियान के तहत 22 अगस्त को बस स्टैंड, टीआईटी कॉम्प्लेक्स, श्रीकृष्ण तिराहा, पुराना हॉस्पिटल रोड से लेकर मोहन टाकिज तक कार्रवाई की गई।
नगर पालिका ने फुटपाथ पर बैठने वाले व्यापारियों को लाइन के अंदर व्यवस्थित किया और हाथठेलों को निर्धारित स्थानों पर लगाया। वहीं दुकानों के बाहर रखे सामान व वाहनों को जब्त किया गया। दुकानदारों को हिदायत दी गई कि वे कोई भी सामग्री दुकान की सीमा के बाहर न रखें।
“अब सीधे होगी चालानी कार्रवाई” – सीएमओ कमला कौल
नगर पालिका की मुख्य नगर पालिका अधिकारी कमला कौल ने कहा,
“निकाय टीम पिछले तीन दिनों से एमजी रोड, तिलक पथ, मोहन टाकिज से लेकर गौशाला मार्ग तक कार्रवाई कर रही है। दुकानों के बाहर सामान रखने से मार्ग संकरा होता है और यातायात बाधित होता है। अब चेतावनी के बाद सीधी चालानी कार्रवाई की जाएगी। सामग्री जब्त कर ली जाएगी और वह वापसी योग्य नहीं होगी।”
“जनहित में हो रही कार्रवाई” – राजस्व प्रभारी महेश वर्मा
📞 7772828778 | 7723024600
प्रभारी राजस्व अधिकारी महेश वर्मा ने बताया,
“निकाय को लगातार शिकायतें मिल रही थीं। आज बस स्टैंड से लेकर श्रीकृष्ण तिराहा, पुराना हॉस्पिटल रोड और मोहन टाकिज क्षेत्र में अस्थाई अतिक्रमण हटाए गए हैं। आगे भी किसी ने सामग्री रखी तो वह जब्त कर ली जाएगी और उसका निपटारा सीधे निकाय करेगा।”
“चलित ठेले से करें व्यापार” – अध्यक्ष छाया जोशी की अपील
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी ने व्यापारियों से अपील की,
“सभी व्यापारी दुकान के अंदर ही व्यापार करें, बाहर कोई सामग्री या सायबान न लगाएं। हाथठेला चालक चलित रूप में व्यापार करें, ताकि ठेले स्थायी रूप से रास्ते में खड़े न रहें और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो।”
अंतिम चेतावनी: अब नहीं मिलेगी रियायत
नगर पालिका ने स्पष्ट कर दिया है कि भविष्य में यदि कोई दुकानदार फिर से अतिक्रमण करता पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी और पूरी जिम्मेदारी संबंधित दुकानदार की होगी।












