भूजल संकट पर प्रशासन सख़्त, “मिशन अमृत संचय” के तहत हर छत पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग का लक्ष्य
खालवा। The India Speaks Desk
वर्षा ऋतु में जल संरक्षण को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। खालवा में आयोजित जल समितियों के प्रशिक्षण सम्मेलन को संबोधित करते हुए कलेक्टर श्री ऋषव गुप्ता ने ग्रामीणों से आह्वान किया कि “खेत का पानी खेत में और गांव का पानी गांव में ही रोका जाए”, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संकट से बचा जा सके।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने कहा कि जिले में हर वर्ष भूजल स्तर लगातार गिर रहा है, जो भविष्य के लिए गंभीर चेतावनी है। यदि आज सामूहिक प्रयास नहीं किए गए, तो हालात और भयावह हो सकते हैं।
कलेक्टर श्री गुप्ता ने जल समितियों के सदस्यों से अपील की कि वे सबसे पहले अपने घरों में रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाएं और फिर गांव के अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।
“हम जितना पानी खर्च करते हैं, उतना ही पानी बचाने की जिम्मेदारी भी हमारी है। जिले की हर पक्की छत से वर्षा का पानी भूजल संवर्धन में उपयोग होना चाहिए।”
उन्होंने बताया कि 30 जून 2026 तक जिले की प्रत्येक पक्की छत पर रूफ वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगाने के उद्देश्य से ‘मिशन अमृत संचय’ प्रारंभ किया गया है।
जल संरक्षण की गतिविधियों को गति देने के लिए कलेक्टर ने जल समितियों के सदस्यों का व्हाट्सएप ग्रुप बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि जल संरक्षण से जुड़ी सभी गतिविधियों की जानकारी साझा की जा सके और निरंतर मॉनिटरिंग हो सके।
भूजल संरक्षण की संरचनाओं पर दिया गया प्रशिक्षण
कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने बोरी बंधान, खेत तालाब, गली प्लग, मेढ़ बंधान जैसी जल ग्रहण संरचनाओं की उपयोगिता पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 31 अगस्त तक सभी जल समिति सदस्य अपनी जल संरक्षण रणनीति तैयार कर लें।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि मिशन अमृत संचय के तहत भूजल संरक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाली पंचायतों को सम्मानित किया जाएगा। प्रत्येक जनपद पंचायत से 5 सर्वश्रेष्ठ ग्राम पंचायतों को पुरस्कार दिया जाएगा।
📞 7772828778 | 7723024600
इस अवसर पर मास्टर ट्रेनर श्री कुलदीप फरे ने पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जल समिति के सदस्यों को डगवेल रिचार्ज, सोखता गड्ढे, नाला गहरीकरण, कंटूर ट्रेंच जैसी जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण की व्यावहारिक जानकारी दी।
कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष श्रीमती सोनता बाई कवरे, उपाध्यक्ष श्रीमती सती बाई, एसडीएम हरसूद श्री पुरुषोत्तम कुमार सहित बड़ी संख्या में जल समिति सदस्य उपस्थित रहे।












