बड़वाह, कसरावद, मण्डलेश्वर और महेश्वर सब जेलों का दौरा, व्यवस्थाओं की बारीकी से हुई समीक्षा
खरगोन। The India Speaks Desk
राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं मध्य प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डलेश्वर श्री अखिलेश जोशी द्वारा जिले की चार सब जेलों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान सब जेल बड़वाह, कसरावद, मण्डलेश्वर एवं महेश्वर में निरीक्षण के साथ विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन भी किया गया।
बंदियों के रहन-सहन से लेकर स्वास्थ्य तक की समीक्षा
निरीक्षण के दौरान प्रधान जिला न्यायाधीश श्री जोशी ने सब जेल बड़वाह के विभिन्न बैरकों में निरुद्ध बंदियों से संवाद कर उनके रहन-सहन, खान-पान, साफ-सफाई, स्वास्थ्य सुविधाओं एवं विधिक सहायता से जुड़े विषयों की जानकारी ली।
पाकशाला, गोदाम और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का निरीक्षण
न्यायाधीश श्री जोशी द्वारा जेल परिसर स्थित पाकशाला, गोदाम, मुलाकात कक्ष, विधिक सहायता कक्ष एवं वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष का भी निरीक्षण किया गया। व्यवस्थाओं को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के साथ आयोजित विधिक साक्षरता शिविर में बंदियों को कानूनी अधिकारों, प्ली बार्गेनिंग, जमानत प्रक्रिया एवं अपील के अधिकार के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
“जिन बंदियों के पास अधिवक्ता नहीं हैं, वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता प्राप्त कर सकते हैं। बंदी अपनी अपील हाईकोर्ट एवं सुप्रीम कोर्ट तक कर सकता है।”
न्यायाधीश श्री जोशी ने बंदियों से उनके मामलों की स्थिति जानी और यह भी बताया कि वे चाहें तो विधिक सहायता के माध्यम से जमानत आवेदन एवं अपील दायर कर सकते हैं।
बंदियों की समस्याएं सुनीं
इस अवसर पर बंदियों की व्यक्तिगत समस्याएं भी सुनी गईं और उन्हें समाधान के लिए नोट किया गया।
निरीक्षण एवं शिविर के दौरान सुश्री प्रीति जैन, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण मण्डलेश्वर, श्री चन्द्रेश मण्डलोई, जिला विधिक सहायता अधिकारी, संबंधित सब जेलों के अधीक्षक एवं बड़ी संख्या में बंदीगण उपस्थित रहे।












