जल संरक्षण, जल सुरक्षा और जल सुनवाई पर विशेष फोकस, मंगलवार को लग रही जल सुनवाई
बड़वाह। The India Speaks Desk
मध्य प्रदेश शासन द्वारा 10 जनवरी 2026 से प्रारंभ किए गए स्वच्छ जल अभियान के अंतर्गत नगर पालिका बड़वाह द्वारा जल सुरक्षा, जल संरक्षण और नागरिकों की समस्याओं के समाधान के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री कुलदीप किंशुक ने बताया कि अभियान के तहत नगर के सभी वार्डों से पानी के नमूने लेकर नियमित परीक्षण किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को शुद्ध और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके।
सीएमओ ने बताया कि स्वच्छ जल को लेकर नगर में मुनादी के माध्यम से नागरिकों को प्रोत्साहित किया जा रहा है, जिससे वे स्वयं अपने क्षेत्र में आने वाले पानी की गुणवत्ता पर नजर रखें और किसी भी प्रकार का दूषित जल आने पर समय पर शिकायत दर्ज कर सकें।
संपवेल, ओवरहेड टैंक और कुओं की कराई गई सफाई
अभियान के अंतर्गत सीआईएसएफ कैंपस स्थित संपवेल एवं ओवरहेड टैंक की साफ-सफाई कराई गई है। इसके साथ ही श्री कंवर कॉलोनी स्थित कुएं की भी सफाई का कार्य संपन्न कराया गया।
नगर पालिका द्वारा बताया गया कि पानी लीकेज से संबंधित शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जा रहा है, जिससे जल अपव्यय को रोका जा सके।
स्वच्छ जल अभियान के तहत प्रति मंगलवार नगर पालिका कार्यालय में जल सुनवाई आयोजित की जा रही है। साथ ही जल शाखा के कर्मचारियों एवं प्रभारियों के नाम सार्वजनिक किए गए हैं, ताकि नागरिक सीधे अपनी समस्या संबंधित अधिकारी तक पहुंचा सकें।
नगर पालिका की इंजीनियर सुश्री श्वेता सुमन ने बताया कि इस अभियान में नगर पालिका अध्यक्ष एवं समस्त सम्माननीय पार्षदगणों का पूर्ण सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे अभियान को प्रभावी रूप से धरातल पर उतारा जा रहा है।












