इमलीपुरा में छापा, 79 डिब्बे और 9 बड़े ड्रम बरामद, आरोपी अनवर कुरैशी गिरफ्तार
खंडवा। अनिल चौरसिया | The India Speaks
खंडवा के इमलीपुरा क्षेत्र में प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चर्बी वाला घी बनाने वाले एक सिंडिकेट का भंडाफोड़ किया है। लंबे समय से मिल रही शिकायतों के आधार पर सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पशु विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री जब्त की।
चेकिंग में मिला बड़ा स्टॉक, बाजार में सप्लाई की आशंका
कार्रवाई के दौरान मौके से 79 डिब्बे जब्त किए गए, जिनमें प्रत्येक में करीब 30 किलो संदिग्ध सामग्री भरी हुई थी। इसके अलावा 200-200 किलो के 9 बड़े ड्रम भी बरामद किए गए, जिनमें संदिग्ध पदार्थ भरा मिला। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि इस सामग्री का उपयोग घी बनाने में किया जा रहा था।
“पशु विभाग के अधिकारियों के अनुसार जब्त ड्रमों में रखी सामग्री प्रथम दृष्टया पशुओं की चर्बी प्रतीत हो रही है। हालांकि इसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जा रहा था, यह स्पष्ट नहीं है। सभी सैंपल जांच के लिए भेज दिए गए हैं और रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।”
आरोपी गिरफ्तार, सैंपल जांच के लिए भेजे
कार्रवाई के दौरान आरोपी अनवर कुरैशी को गिरफ्तार किया गया है। खाद्य नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया गया है। पशु विभाग की टीम ने मौके से सैंपल एकत्र कर आगे की जांच शुरू कर दी है।
लंबे समय से चल रहा था अवैध नेटवर्क
प्रशासन को आशंका है कि यह अवैध कारोबार लंबे समय से संचालित हो रहा था और इसका नेटवर्क स्थानीय बाजार तक फैला हो सकता है। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी पड़ताल की जा रही है।











