योग, प्राणायाम और ध्यान के साथ स्वस्थ जीवनशैली का दिया संदेश; तुलसी, गिलोय, नीम समेत औषधीय पौधों की दी जानकारी


कसरावद। 11वें आयुर्वेद दिवस के अवसर पर गुरुवार को आयुष्मान आरोग्य मंदिर, बोरावा की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रमों के माध्यम से विद्यार्थियों को योग, स्वस्थ जीवनशैली और औषधीय पौधों के प्रति जागरूक किया गया। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस की थीम “स्वस्थ भविष्य के लिए आयुर्वेद” रखी गई है।
छात्रावास में छात्राओं ने किया योग
वीरांगना रानी दुर्गावती शासकीय सीनियर कन्या छात्रावास, बोरावा में विशेष योग सत्र आयोजित किया गया। इसमें छात्राओं को विभिन्न योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास कराया गया। इस दौरान पारंपरिक स्वास्थ्य पद्धतियों के साथ सकारात्मक जीवनशैली अपनाने तथा मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने की जानकारी दी गई।
विद्यार्थियों को बताए औषधीय पौधों के उपयोग
आयुष्मान आरोग्य मंदिर बोरावा में स्कूली विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए औषधीय पौधा जागरूकता सत्र भी आयोजित हुआ। इसमें तुलसी, गिलोय, नीम, अश्वगंधा, एलोवेरा और अडूसा जैसे औषधीय पौधों की पहचान और उनके पारंपरिक उपयोगों के बारे में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को पर्यावरण संतुलन और स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए घर और विद्यालय में कम से कम एक औषधीय पौधा लगाने तथा उसकी नियमित देखभाल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. कैलाश शाक्ले (AMO), डॉ. रोहित ठाकुर (CAMO), संतोष चौहान (कम्पाउंडर), गुलाबचंद मुजाल्दे (दवासाज), कृष्णा राठोड़, सुभाष अलावे सहित स्कूली विद्यार्थी और स्कूल स्टाफ मौजूद रहा।











