प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की धज्जियां उड़ाकर इंसान और पशु के जीवन से खेल
बड़वाह। लोकेश कोचले| The India Speaks
शराब कंपनी एसोसिएटेड अल्कोहल एंड ब्रेवरीज लिमिटेड, ग्राम खोड़ी का काला सच अब सबके सामने है। शराब बनाने की प्रक्रिया से निकलने वाला अपशिष्ट DWGS (गीली भूसी), जिसे प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने बाहर बेचने पर रोक लगा रखी है, उसे कंपनी खुलेआम करोड़ों के कारोबार में बदल चुकी है। यही जहरीली भूसी देशभर में पशुओं को खिलाई जा रही है।
यह केवल नियमों का उल्लंघन नहीं, बल्कि मानव जीवन, पशुओं के स्वास्थ्य और ग्रामीण पर्यावरण के साथ खिलवाड़ है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों की खुलेआम धज्जियां
कंपनी को Zero Discharge Category में रखा गया है। नियम साफ कहते हैं कि इसका अपशिष्ट बाहर नहीं जाना चाहिए। लेकिन हकीकत में यह भूसी खुले बाजार में बिक रही है और प्रशासन सालों से आंखें मूंदे बैठा है।
SDM का ऐलान: जांच होगी
The India Speaks की लगातार रिपोर्टिंग के बाद आखिरकार मामला गरमा गया।
“हम टीम गठित कर इस पूरे मामले की गहन जांच करेंगे और दोषियों पर कार्रवाई करेंगे।”
— श्री सत्यनारायण दर्रो, SDM बड़वाह
https://www.instagram.com/reel/DOMA_aWk51F/?igsh=aHN5ZG9uYTY0a3cw
यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ और ग्रामीणों में आक्रोश और बढ़ गया। लोगों की मांग है कि जहरीली भूसी का यह अवैध कारोबार तुरंत बंद हो।
ज्ञात हो कि SDM साहब के बयान को इंस्टाग्राम पर 30 हज़ार से ज्यादा लोग देख चुके है।
पशुपालक और महिलाएं कर रही चीख-चीखकर शिकायत
पशुपालक बोले – इस भूसी से पशुओं की प्रजनन क्षमता कम हो रही है, दूध की गुणवत्ता घट रही है।
महिलाएं बोलीं – दूध से दुर्गंध आती है, मलाई नहीं जमती और बच्चों की सेहत पर सीधा खतरा मंडरा रहा है।
“हम अपने बच्चों को यह दूध कैसे पिलाएं? सरकार कब तक चुप रहेगी?”
— ग्रामीण महिला, The India Speaks से बातचीत में
जहरीली भूसी से फैली बीमारी और गंदगी
गांवों में इस भूसी और गंदे पानी के कारण मक्खियों का आतंक बढ़ गया है। लोग बीमार पड़ रहे हैं, खाना तक नहीं खा पा रहे। यह न सिर्फ किसानों और पशुओं, बल्कि पूरे ग्रामीण समाज के लिए एक महामारी जैसा खतरा बन गया है।
दो शराब कंपनियां और दोनों पर सवाल
ग्राम पंचायत कदवालिया में दो बड़ी शराब कंपनियां संचालित हैं। दोनों ही प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ा रही हैं। सवाल उठ रहा है कि आखिर इन कंपनियों को संरक्षण कौन दे रहा है?
The India Speaks का वादा
हम इस मुद्दे को अंत तक उठाएंगे। जब तक जहरीली भूसी का यह कारोबार बंद नहीं होता और जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक The India Speaks अपनी जांच और खुलासे जारी रखेगा।












