बड़वाह में ज्ञापन सौंपकर स्थाई समाधान की मांग, प्रशासन ने दिया आश्वासन
बड़वाह। | The India Speaks
सनातन धर्म में उच्च स्थान रखने वाली सर्वपूज्या गौमाता की सड़कों पर हो रही दुर्गति को लेकर विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बड़वाह में जोरदार प्रदर्शन किया। जयस्तंभ चौराहे से नारेबाजी करते हुए कार्यकर्ता नगरपालिका कार्यालय पहुंचे और एसडीएम सत्यनारायण दर्रों को ज्ञापन सौंपा।
गौमाता के लिए स्थाई व्यवस्था की मांग
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि सड़कों पर निराश्रित विचरण करती गौमाता दुर्घटनाओं का शिकार होकर असमय ही मृत्यु को प्राप्त हो रही हैं। भोजन और आश्रय के अभाव में भी उन्हें ठोकरें खानी पड़ रही हैं। संगठन ने मांग रखी कि शासन–प्रशासन को गोचर अथवा चरनोई भूमि पर नगर गौ अभ्यारण्य जैसी इकाइयां स्थापित करनी चाहिए, जिनमें चिकित्सा से लेकर देसी नस्ल के संरक्षण–संवर्धन तक की सुविधाएं उपलब्ध हों।
गौपालकों पर सख्ती की मांग
संगठन ने यह भी कहा कि ऐसे गौपालक जो अपने गौवंश को सड़कों पर निराश्रित छोड़ देते हैं, उन पर दंडात्मक कार्यवाही हो। जो गौपालन में सक्षम नहीं हैं, वे अपने गौवंश को गौशाला अथवा गौ अभ्यारण्य में दान करें।
“हमारी मुख्य मांग है कि गौमाता के लिए स्थाई आश्रय और चिकित्सा व्यवस्था की जाए तथा गौशालाओं का नियमित मूल्यांकन कर सुविधाएं बढ़ाई जाएं।”
— नितिन करडक, जिला मंत्री, विश्व हिंदू परिषद
प्रशासन ने दिया आश्वासन
एसडीएम सत्यनारायण दर्रों और निकाय अध्यक्ष श्री गुप्ता ने प्रतिनिधिमंडल से चर्चा करते हुए आश्वासन दिया कि गौ संरक्षण में कार्यरत सभी गौ सेवकों के साथ बैठकर एक ठोस और प्रभावी समाधान निकाला जाएगा और उस पर शीघ्र कार्यवाही होगी।
संगठन की मुख्य मांगें
- निराश्रित गौवंश के लिए स्थाई रूप से सुव्यवस्थित स्थान का प्रबंध।
- गौशालाओं का नियमित मासिक मूल्यांकन और सुविधाओं में वृद्धि।
- आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था एवं चिकित्सक की स्थाई नियुक्ति।
- निराश्रित गौवंश सड़कों पर छोड़ने वाले गौपालकों पर दंड और शपथपत्र की अनिवार्यता।
- नगरीय एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि आरक्षित कर गौ अभ्यारण्य की स्थापना।
कार्यक्रम में मौजूद पदाधिकारी और कार्यकर्ता
इस अवसर पर विहिप जिला मंत्री नितिन करडक, जिला सह मंत्री रितेश कौशल, जिला सुरक्षा प्रमुख प्रवीण बैरागी, दुर्गावाहिनी जिला संयोजिका नीलम कौशल, बड़वाह प्रखंड अध्यक्ष नरेंद्र सिंह, मंत्री देशा मेराणा, सह मंत्री मोहित राजपूत, प्रखंड संयोजक मेहुल शुक्ला, प्रखंड गौ रक्षा प्रमुख लक्की राव, सह गौ रक्षा प्रमुख यश गुर्जर, नगर खंड अध्यक्ष अजय लाखन सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समाजजन उपस्थित रहे।












