चयनित खिलाड़ी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में खरगोन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे
खरगोन। The India Speaks Desk
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के निर्देशानुसार स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से आयोजित जिला स्तरीय अंडर-17 कबड्डी प्रतियोगिता का समापन शुक्रवार को बिस्टान रोड स्थित देवी रुक्मणी स्कूल में पुरस्कार वितरण के साथ हुआ। प्रतियोगिता में जिलेभर से 250 से अधिक बालक एवं बालिका खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया।
प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने मैदान पर अपनी खेल प्रतिभा, टीमवर्क और जुझारूपन का प्रदर्शन किया। विभिन्न मुकाबलों के बाद विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को अतिथियों ने ट्रॉफी एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
खेल से अनुशासन और टीम भावना सीखने का संदेश
समापन समारोह में देवी रुक्मणी स्कूल की डायरेक्टर एवं समाजसेवी शालिनी रतोरिया ने कहा कि खेल विद्यार्थियों के शारीरिक विकास के साथ उनके अनुशासन और मानसिक मजबूती में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी दिनचर्या में खेलों को शामिल करने की बात कही।
जिला शिक्षा अधिकारी तेजसिंह राठौर ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल में हार और जीत दोनों होती हैं, लेकिन अनुशासन, खेल भावना और जुझारूपन अधिक महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ खेल, विज्ञान, कला और अन्य गतिविधियों में भी अवसर दिए जा रहे हैं।
सहायक संचालक स्कूल शिक्षा विभाग शैलेंद्र कुमार कानुड़े ने प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों से टीम भावना के साथ खेलने का आह्वान किया था। वहीं खेल एवं युवक कल्याण जिला अधिकारी पवि दुबे ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने की बात कही।
संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में खेलेंगे चयनित खिलाड़ी
प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी अब आगामी संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में खरगोन जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों और टीमों के प्रदर्शन के आधार पर चयनित प्रतिभागियों को अगले स्तर की प्रतियोगिता के लिए तैयार किया जाएगा।
समापन अवसर पर प्राचार्य शुभांगी बेहरे, क्रीड़ा निरीक्षक हबीब बेग मिर्जा, खेल प्रशिक्षक डीएस चौहान, जगदीश मुवेल, खेल समन्वयक जितेंद्र हिरवे, सचिन मोरे, कोच इकबाल खान, अनिल पाण्डेय, ऋतिक बिल्लौरे, हिमांशु चौहान, कबड्डी संघ सचिव विशाल जाट, वैभव नरगावे सहित विभागीय अधिकारी, शिक्षक, प्रशिक्षक और खिलाड़ी मौजूद रहे।












