प्रकरणों का हुआ निराकरण, आमजन को मिला सस्ता और सुलभ न्याय
खरगोन। The India Speaks Desk
म.प्र. राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देश पर 13 सितंबर को जिलेभर के न्यायालयों सहित जिला न्यायालय में नेशनल लोक अदालत का आयोजन किया गया। मुख्यालय मण्डलेश्वर में आयोजित इस लोक अदालत का शुभारंभ प्रधान जिला न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, मण्डलेश्वर श्री अखिलेश जोशी ने माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर किया।
सस्ता और सुलभ न्याय की दिशा में अहम कदम
शुभारंभ समारोह में प्रधान जिला न्यायाधीश श्री जोशी ने कहा कि हमें हर योजना को उसके मूर्त रूप में लागू कर आमजन को लाभांवित करना चाहिए। लोक अदालत समाज को सस्ता, सरल और सुलभ न्याय दिलाने का प्रभावी माध्यम है। इस अवसर पर सैकड़ों नागरिकों को लाभ मिला और विभिन्न विवादों का सौहार्दपूर्ण समाधान किया गया।
पारिवारिक विवादों और क्लेम प्रकरणों का निपटारा
नेशनल लोक अदालत में पारिवारिक विवाद, मोटर दुर्घटना क्लेम, विद्युत चोरी, चेक बाउंस, आपराधिक और दीवानी प्रकरणों का निराकरण हुआ। विशेष रूप से कई बिछड़े परिवार आपसी राजीनामे से पुनः एकजुट हुए। क्लेम प्रकरणों में पीड़ितों को लाखों रुपये का मुआवजा दिया गया।
लंबे समय से अलग रह रहे दंपत्तियों में सुलह
लोक अदालत में एक मामले में पति-पत्नी के बीच समझाइश कर उन्हें पुनः साथ लाया गया। दोनों ने राजीनामा कर एक-दूसरे को माला पहनाकर खुशी-खुशी घर वापसी की। वन विभाग की ओर से ऐसे पक्षकारों को ‘न्याय वृक्ष’ भेंट किया गया।
जिलेभर में हुआ आयोजन
मण्डलेश्वर सहित खरगोन, कसरावद, भीकनगांव, महेश्वर, बड़वाह और सनावद तहसील न्यायालयों में भी लोक अदालत आयोजित की गई।
22 करोड़ से अधिक राशि का सेटलमेंट
सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सुश्री प्रीति जैन ने बताया कि लोक अदालत में 903 लंबित प्रकरणों का निपटारा हुआ, जिनमें 22 करोड़ 3 लाख 43 हजार 723 रुपये का सेटलमेंट हुआ। इससे 2,188 लोग लाभांवित हुए। वहीं 1,596 प्रीलिटिगेशन प्रकरणों में 2 करोड़ 5 लाख 35 हजार 918 रुपये की वसूली की गई, जिनसे 2,156 लोग लाभांवित हुए। सभी लाभांवित व्यक्तियों को पर्यावरण संरक्षण हेतु पौधे भेंट किए गए।
उपस्थित गणमान्य
इस अवसर पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय श्री पंकज सिंह माहेश्वरी, विशेष न्यायाधीश श्री मसूद अहमद खान, जिला न्यायाधीश श्री सुजीत कुमार सिंह, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष श्री विजय जोशी, सचिव सुश्री प्रीति जैन सहित अनेक न्यायाधीश, अधिवक्ता, अधिकारी और पैरालीगल वॉलेंटियर्स मौजूद रहे।












