समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश, अनुपस्थित इंजीनियर पर कार्रवाई के आदेश
बड़वाह। लोकेश कोचले । The India Speaks Desk
बड़वाह विधानसभा क्षेत्र में ग्राम पंचायतों के माध्यम से चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा बैठक में विधायक सचिन बिरला ने साफ शब्दों में कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी, लापरवाही या भ्रष्टाचार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सभी कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं।
बैठक के दौरान बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए इंजीनियर आशीष पाटीदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई के निर्देश दिए गए। विधायक ने चेतावनी दी कि निष्क्रिय और काम के प्रति लापरवाह पंचायत सचिवों व इंजीनियरों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए जाएंगे, जबकि कर्तव्यनिष्ठ कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा।
छह माह तक लंबित कार्यों पर नई स्वीकृति नहीं
विधायक ने स्पष्ट किया कि शासन के निर्देशानुसार यदि ग्राम पंचायतों में विकास कार्य छह माह तक लंबित रहते हैं, तो ऐसी स्थिति में नए विकास कार्यों की स्वीकृति नहीं दी जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार, विशेषकर नरेंद्र मोदी द्वारा विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये दिए जा रहे हैं, जिनका सही उपयोग सुनिश्चित करना आवश्यक है।
बैठक में ग्राम पंचायतों में सचिवों के रिक्त पदों को जल्द से जल्द भरने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए। विधायक ने कहा कि समीक्षा बैठक का मुख्य उद्देश्य अधूरे कार्यों को गति देना और ग्रामवासियों की अपेक्षाओं के अनुरूप नई योजनाओं को स्वीकृति दिलाना है।
विकास कार्यों की होगी नियमित मॉनिटरिंग
विधायक ने कहा कि अब ग्राम पंचायतों में चल रहे सभी विकास कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। सचिवों और इंजीनियरों से समय-समय पर विस्तृत जानकारी ली जाएगी, ताकि कार्यों में पारदर्शिता और गति बनी रहे।
बैठक में क्षेत्र की 86 ग्राम पंचायतों तथा सांसद एवं विधायक निधि से संचालित विकास कार्यों की समीक्षा की गई। पंचायत सचिवों ने विभिन्न योजनाओं की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की, जिनमें प्रमुख रूप से शामिल हैं:
प्रधानमंत्री आवास योजना
कपिलधारा योजना
खेल मैदानों का विकास
बच्चों का टीकाकरण
नल-जल योजना
मृदा एवं जल संरक्षण
सामुदायिक भवन निर्माण
वाटर हार्वेस्टिंग
तालाब निर्माण
आंगनवाड़ी पोषण आहार
सामुदायिक वृक्षारोपण
जल संवर्धन एवं प्रबंधन
बैठक में जनपद पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश साद, उपाध्यक्ष वीरेंद्र माले, सीईओ मुकेश जैन, एसडीएम सत्यनारायण दर्रो सहित जनपद सदस्य मौजूद रहे।












