सांसद-विधायक सहित भाजपा नेताओं ने किया माल्यार्पण, आदर्शों को अपनाने का लिया संकल्प
खरगोन। The India Speaks Desk
संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती भारतीय जनता पार्टी कार्यालय पर सामाजिक एकता के रूप में उत्साहपूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
प्रतिमा स्थल पर भी हुआ भव्य आयोजन
कार्यक्रम के बाद सब्जी मंडी स्थित अंबेडकर प्रतिमा स्थल पर भाजपा सांसद, विधायक, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एकत्रित हुए। यहां सांसद गजेंद्र पटेल, विधायक बालकृष्ण पाटीदार, अजा मोर्चा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर भालसे, अजजा मोर्चा जिलाध्यक्ष संतोष सोलंकी सहित अन्य नेताओं ने बाबा साहब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर “बाबा साहब अमर रहें” के नारे लगाए।
“दो महानायकों को याद करने का दिन” – सांसद पटेल
सभा को संबोधित करते हुए सांसद गजेंद्र पटेल ने कहा—
“आज दो महानायकों को याद करने का दिन है। एक लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल, जिन्होंने 562 से अधिक रियासतों का विलय कर देश को भौगोलिक एकता दी और दूसरे बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर, जिन्होंने संविधान के माध्यम से सामाजिक समानता स्थापित की। आज उनके दिखाए मार्ग पर चलकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समृद्ध और सशक्त भारत का निर्माण कर रहे हैं।”
बाबा साहब के संघर्ष से मिलती है प्रेरणा – विधायक पाटीदार
विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि बाबा साहेब ने समाज के अंतिम व्यक्ति को शिक्षित बनने और संघर्ष करने की प्रेरणा दी। उनका जीवन संघर्ष हम सभी के लिए अनुकरणीय है।
“सबका साथ, सबका विकास” के साथ कार्यरत भाजपा
भाजपा जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे ने अपने संदेश में कहा कि बाबा साहब का शिक्षित, संगठित और समानता का संदेश आज भी प्रासंगिक है। भाजपा इसी भावना के साथ हर वर्ग को बराबरी का दर्जा देने के लिए कार्य कर रही है।
बड़ी संख्या में मौजूद रहे कार्यकर्ता
कार्यक्रम का संचालन राजेश सागोरे ने किया, जबकि आभार जिला मंत्री अनुराग दांगी ने माना।
इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष प्रभा राठौर, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, पूर्व उपाध्यक्ष भागीरथ कुमरावत, प्रदेश प्रवक्ता संजय पाटीदार, पूर्व जिलाध्यक्ष परसराम चौहान, रणजीत डंडीर, पार्षद जगन्नाथ सांवले, नपा अध्यक्ष छाया जोशी सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
साथ ही मण्डल अध्यक्ष अभिलाष अत्रे, उपाध्यक्ष भगवान प्रजापत, आयोजन समिति के आरएस खांडे, विजयलक्ष्मी सांवले सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और बाबा साहब के अनुयायी मौजूद रहे।












