खरगोन, 19 अगस्त 2025।
मौसम विभाग ने मध्यप्रदेश के 14 जिलों में अगले 24 घंटों के भीतर भारी से अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। विभाग के अनुसार छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में 115.6 मिमी से 204.4 मिमी तक वर्षा हो सकती है। वहीं, नर्मदापुरम, बैतूल, हरदा, बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, डिंडोरी और नरसिंहपुर जिलों में 64.5 मिमी से 115.5 मिमी तक बारिश की संभावना है। यह अलर्ट 20 अगस्त 2025 की सुबह 8:30 बजे तक प्रभावी रहेगा।
🌊 प्रशासन ने अपनाई सतर्कता
खरगोन जिले में बीते कुछ दिनों से हो रही लगातार बारिश के कारण नदियों, नालों, तालाबों और चेकडैमों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है। हालात को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ संभावित क्षेत्रों में मुनादी करवा कर लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।
प्रशासन ने लोगों को नदी-नालों के समीप नहीं जाने, पुलों और रपटों को पार करने से बचने की सलाह दी है। सभी संवेदनशील क्षेत्रों में बेरिकेट्स लगाकर आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित की जा रही है।
प्रशासन द्वारा रेस्क्यू टीमों को भी अलर्ट मोड पर रखा गया है, ताकि किसी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।











