टपकती छत, भीगते कमरे, और लापरवाह प्रशासन — कब गिरेगा यह ढांचा?
महेश्वर। खरगोन | The India Speaks
मध्य प्रदेश के खरगोन ज़िले की महेश्वर तहसील के ग्राम बेरफड़ खुर्द स्थित प्राथमिक विद्यालय की स्थिति इतनी जर्जर हो चुकी है कि वहां पढ़ रहे बच्चों की जान जोखिम में है। लगातार बारिश से स्कूल की छत से पानी टपक रहा है और किसी भी वक्त गिर सकती है।
बच्चों की जान पर मंडरा रहा है खतरा
विद्यालय में कक्षा 1 से 5 तक के लगभग 28 बच्चे पढ़ाई कर रहे हैं। लेकिन स्थिति यह है कि बच्चों को कक्षा में नहीं, बल्कि प्रधान अध्यापक के ऑफिस में बैठाकर पढ़ाना पड़ रहा है। कारण साफ है — बाकी के कमरों में पानी टपकता है, फर्श पूरी तरह गिला है और छतें ढल चुकी हैं।


खिड़कियों की जालियों तक पहुंचा खतरा
लगातार टपकती छतों के कारण अब स्कूल की खिड़कियों की जालियां भी नम हो गई हैं और वे भी टूटने की कगार पर हैं। स्कूल में एक ऑफिस और एक हाल के अलावा दो अतिरिक्त कक्ष हैं, लेकिन सभी में इतनी बुरी हालत है कि उनका उपयोग करना असंभव हो गया है।
ग्रामीणों ने कई बार किया प्रशासन को अवगत


गांव के स्थानीय लोगों ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों को इस समस्या से अवगत कराया है, लेकिन आज तक कोई कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक कोई बड़ा हादसा नहीं हो जाता, तब तक प्रशासन हरकत में नहीं आएगा।
“स्कूल में बच्चे जान जोखिम में डालकर पढ़ रहे हैं। रोज छत से पानी टपकता है, दीवारें कमजोर हो चुकी हैं। कोई सुनवाई नहीं हो रही,” : – ग्रामीणों की पीड़ा












