नगर में भगवान गणेश की मूर्ति स्थापना के साथ अभिषेक पूजन
बड़वाह | The India Speaks डेस्क
नगर की सार्वजनिक गणेश उत्सव समिति के तत्वाधान में इस वर्ष भी 11 दिवसीय उत्सव का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन नगर पालिका प्रांगण में आयोजित होंगे, जहाँ प्रतिदिन अलग-अलग संस्थाओं के कलाकारों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि इस वर्ष सार्वजनिक गणेश उत्सव एवं दशहरा उत्सव समिति की नवागत अध्यक्ष वार्ड क्रमांक 9 की पार्षद रजनी भंडारी को नियुक्त किया गया है। उनके नेतृत्व में बुधवार सुबह 11 बजे शहर के नागेश्वर मंदिर परिसर से कार्यक्रम स्थल तक चल समारोह निकाला गया। इसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों और महिला मंडल की भी उपस्थिति रही।
अभिषेक पूजन और मूर्ति स्थापना


चल समारोह से पहले नागेश्वर मंदिर स्थित श्री गणेश मंदिर में पीतल की प्रतिमा का वेदी पाठी पंडितों द्वारा अभिषेक पूजन किया गया। इसके बाद सुसज्जित बग्गी में श्री गणेश जी की प्रतिमा विराजमान कर बैंड बाजों के साथ शहर में चल समारोह निकाला गया। यह यात्रा झंडा चौक, एमजी रोड और मुख्य चौराहों से होते हुए नगर पालिका प्रांगण कार्यक्रम स्थल तक पहुंची।
📞 7772828778 | 7723024600
कार्यक्रम स्थल पर भगवान गणेश जी का पूजन कर उनकी स्थापना की गई। समारोह के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर पुष्प वर्षा कर भगवान गणेश जी का स्वागत किया गया। कई नागरिकों ने भगवान का पूजन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
समिति अध्यक्ष का धन्यवाद
समिति अध्यक्ष रजनी भंडारी ने चल समारोह में शामिल सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया और शहरवासियों व आसपास के क्षेत्रों के निवासियों से प्रतिदिन होने वाले आयोजनों में उपस्थित होने की अपील की।
इस कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता, पूर्व अध्यक्ष प्रीति अनिल रॉय, पूर्व नगर मंडल अध्यक्ष चंद्रपाल सिंह तोमर, मंडल महामंत्री महेंद्र अमई, पूर्व मंडल महामंत्री रवि एरन, पार्षद सुनील चौधरी, आशीष जैन सहित कई गणमान्य नागरिक और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।












