खरगोन। The India Speaks Desk
एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय झिरन्या में शिक्षक दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और गरिमामय माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर कक्षा 12वीं की छात्रा भारती को प्राचार्या की जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि अन्य विद्यार्थियों ने शिक्षक बनकर कक्षाओं में पढ़ाकर इस दिन को खास बना दिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ और प्रस्तुतियां
विद्यालय सभागार में कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या रेखा रानी चौहान, स्कूल कैप्टन राहुल और छात्रा भारती ने दीप प्रज्ज्वलन से की। इसके बाद विद्यार्थियों ने भाषण, कविता, नृत्य और नाटक प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की।
विद्यार्थियों का सम्मान
इस अवसर पर सचिन जाधव, गौतम जनरे और पायल बड़ोले को ईएमआरएस 6वें राष्ट्रीय सांस्कृतिक एवं साहित्यिक उत्सव 2025 की सम्भाग स्तरीय प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने पर सम्मानित किया गया। ये तीनों विद्यार्थी अब इंदौर सम्भाग का प्रतिनिधित्व राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में करेंगे।
शिक्षकों को मिला सम्मान
बोर्ड परीक्षा में 100 प्रतिशत परिणाम देने वाले शिक्षकों को प्राचार्या द्वारा प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों ने भी शिक्षकों को उपहार भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया।
प्राचार्या का प्रेरक संदेश
कार्यक्रम के समापन पर प्राचार्या रेखा रानी चौहान ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा:
“शिक्षक ही वह शक्ति हैं, जो विद्यार्थियों को उज्जवल भविष्य की ओर अग्रसर करते हैं। शिक्षा केवल ज्ञान नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला सिखाती है।”
उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों को प्रेरणादायी संदेश देकर समारोह का समापन किया।












