पहले आबकारी विभाग ने नोटिस देकर बयान के लिए तलब किया था, अब जान से मारने की आशंका
बड़वाह/ खरगोन । लोकेश कोचले | The India Speaks
एसोसिएटेड अल्कोहल एंड ब्रेवरीज लिमिटेड पर करोड़ों की शराब तस्करी और फर्जी परमिट घोटाले के मामले में अब एक और बड़ा मोड़ सामने आया है। कंपनी के पूर्व कर्मचारी और मुख्य शिकायतकर्ता सत्यनारायण शर्मा ने आबकारी आयुक्त, ग्वालियर (मध्यप्रदेश) और जिला आबकारी अधिकारी, संभागीय उड़नदस्ता, इंदौर को पत्र लिखकर कहा है कि उन्हें जान से मारने की धमकियां मिल रही हैं, इसलिए वह व्यक्तिगत रूप से गवाही देने इंदौर नहीं आ सकते। उन्होंने पुलिस सुरक्षा और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये बयान दर्ज कराने की मांग की है।
पहले भी छपा था नोटिस वाला खुलासा
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही The India Speaks ने यह खबर प्रकाशित की थी कि सत्यनारायण शर्मा को जिला आबकारी अधिकारी, संभागीय उड़नदस्ता, इंदौर ने 22 सितंबर 2025 को पेश होकर बयान देने के लिए नोटिस जारी किया था। उस समय प्रशासन ने उनसे कहा था कि वे अपने सभी दस्तावेज़ और साक्ष्य लेकर उपस्थित हों।
लेकिन अब मामला और गंभीर हो गया है क्योंकि शर्मा ने प्रशासन को लिखित रूप से सूचित किया है कि उन्हें और उनके परिवार को कंपनी प्रबंधन से जान का खतरा है।
“पहले भी धमकाया गया है”
अपने पत्र में शर्मा ने लिखा है—
“मेरे खिलाफ फर्जी शिकायतें दर्ज कराई जा रही हैं। पहले भी कंपनी प्रबंधन मुझे धमका चुका है। अब मेरे और मेरे परिवार की जान को गंभीर खतरा है। इस स्थिति में मैं व्यक्तिगत रूप से बयान देने नहीं आ सकता।”
बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से कराने की मांग
सत्यनारायण शर्मा ने स्पष्ट किया है कि उनका बयान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये ही दर्ज कराया जाए और साथ ही उन्हें और उनके परिवार को पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए।
जांच और सुरक्षा दोनों पर सवाल
अब यह मामला केवल शराब तस्करी घोटाले तक सीमित नहीं रहा बल्कि इसमें व्हिसलब्लोअर की सुरक्षा का गंभीर प्रश्न जुड़ गया है। बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन साहस दिखाकर न केवल इस घोटाले की निष्पक्ष जांच करेगा बल्कि शिकायतकर्ता की जान की हिफाजत भी करेगा?
द इंडिया स्पीक्स की पड़ताल जारी
The India Speaks इस मामले के हर पहलू की पड़ताल कर रहा है। जल्द ही हम आपके सामने लाएंगे अगला हिस्सा, जिसमें यह खुलासा होगा कि किन अधिकारियों और नेताओं की शह पर यह शराब तस्करी का खेल सालों से चलता रहा।












