पूर्व में प्रेम प्रसंग के चलते महिला की कुल्हाड़ी से हत्या, आरोपी मांगीलाल गिरफ्तार
कसरावद/खरगोन। The India Speaks Desk
खरगोन पुलिस ने तेज़ कार्रवाई करते हुए ग्राम खराड़ी बुजुर्ग में हुई महिला की हत्या का 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने आरोपी मांगीलाल को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त कुल्हाड़ी को भी जब्त कर लिया है।
19 सितंबर 2025 को चौकी खामखेड़ा थाना कसरावद को सूचना मिली कि ग्राम खराड़ी बुजुर्ग के जंगल में एक महिला का शव पड़ा है। सूचना पर थाना कसरावद में अपराध क्रमांक 384/2025 धारा 103 बीएनएस पंजीबद्ध किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतका की पहचान सेवन्ताबाई पति गजानंद भाभर के रूप में की।
अवैध संबंध बने हत्या का कारण, पुलिस की त्वरित कार्रवाई
जांच में सामने आया कि मृतका के मांगीलाल पिता काल्या अलावे, निवासी ग्राम खराड़ी बुजुर्ग से अवैध संबंध थे। घटना वाले दिन मृतका अपने बच्चों के साथ जंगल में लकड़ी लेने गई थी, जहां आरोपी मांगीलाल पहुंचा और विवाद के बाद उसे खींचकर अंदर जंगल में ले गया। वहीं कुल्हाड़ी से गर्दन पर वार कर उसकी निर्ममता से हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक खरगोन श्री रविन्द्र वर्मा, अति. पुलिस अधीक्षक (शहर) श्री बिट्टू सहगल, अति. पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती शकुंतला रुहल व एसडीओपी मंडलेश्वर श्रीमती श्वेता शुक्ला के निर्देशन तथा थाना प्रभारी कसरावद निरीक्षक श्री राजेन्द्र बर्मन के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने संभावित स्थानों पर दबिश दी और आरोपी मांगीलाल को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस का बयान
“आरोपी मांगीलाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी भी जब्त की गई है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।” – थाना प्रभारी कसरावद






