खरगोन में अभियान की तैयारी पूरी, 0 से 5 वर्ष तक के 2.62 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो खुराक
खरगोन। The India Speaks Desk
खरगोन जिले में पल्स पोलियो अभियान का प्रथम चरण 12 अक्टूबर से 14 अक्टूबर 2025 तक चलाया जाएगा। अभियान की रणनीति और सफल क्रियान्वयन के लिए जिला स्तर पर 24 सितंबर को विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के सहयोग से प्रशिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया।
उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों पर रहेगा विशेष फोकस
प्रशिक्षण के दौरान डॉ. राहुल कांबले (एसएमओ, डब्ल्यूएचओ) ने हाई रिस्क क्षेत्रों जैसे घुमंतू समुदाय, ईंट भट्टे, शहरी मलिन बस्तियां, हाट-बाजार और स्थानीय मेलों पर विशेष कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया।
2.62 लाख बच्चों को लक्षित
📞 7772828778 | 7723024600
अभियान में अनुमानित 2,62,150 बच्चों को पोलियो की खुराक दी जाएगी। इसके लिए 1420 बी-टाइप बूथ, 609 ट्रांजिट बूथ, 70 मोबाइल दल बनाए जाएंगे। कुल 4112 वैक्सीनेटर और 230 सुपरवाइजर तैनात होंगे। ट्रांजिट प्वाइंट पर बस स्टैंड, चौक और अन्य जगहों से गुजरने वाले हर बच्चे को कवर करने की व्यवस्था की जाएगी।
स्वास्थ्य अधिकारियों ने दिए निर्देश
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मोहनसिंह सिसोदिया ने सीमावर्ती क्षेत्रों और आदिवासी अंचलों में सतर्कता से कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. संजय भट्ट ने कहा कि बूथ सुविधाजनक स्थानों पर लगाए जाएं और वहां बैनर, पोस्टर सहित प्रचार सामग्री उपलब्ध कराई जाए। साथ ही अक्टूबर के पहले सप्ताह तक सभी दलों और पर्यवेक्षकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाए।












