खरगोन, 09 अक्टूबर 2025। The India Speaks Desk
कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के निर्देशानुसार एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्री संजय भारद्वाज के मार्गदर्शन में 09 अक्टूबर को विभाग द्वारा साईबर सिक्यूरिटी विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में जिला सूचना एवं विज्ञान अधिकारी श्री राजेंद्र पाटीदार ने जिले के समस्त एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी, सेक्टर पर्यवेक्षक, जिला बाल कल्याण समिति की सदस्य श्रीमती सीमा जोशी एवं वर्षा परसाई, और जिला बाल संरक्षण इकाई खरगोन के अधिकारियों/कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी।
बच्चों और अधिकारियों को साइबर सुरक्षा पर प्रशिक्षण
कार्यशाला के दौरान श्री पाटीदार ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम पर किसी को भी अपनी निजी जानकारी तभी साझा करनी चाहिए जब वह अति आवश्यक हो।
“बच्चों को साइबर सुरक्षा के बारे में जागरूक करना आज के डिजिटल युग में बेहद जरूरी है। बालिकाओं के साथ अधिकतर अपराध उनकी निजी जानकारी के दुरुपयोग के कारण हो रहे हैं,”
— श्री राजेंद्र पाटीदार
उन्होंने ऑनलाइन भुगतान और सोशल मीडिया से जुड़े अपराधों के बारे में जानकारी दी और उनसे बचाव के व्यावहारिक तरीके भी बताए।
ऑनलाइन सुरक्षा और जागरूकता पर जोर
श्री पाटीदार ने अधिकारियों को सुझाव दिया कि अपने परिवार और बच्चों के बीच डिजिटल सुरक्षा के नियम अपनाएं और उन्हें ऑनलाइन धोखाधड़ी और साइबर अपराधों से बचने के उपाय सिखाएँ।
वरिष्ठ अधिकारी रहे मौजूद
कार्यशाला में जिले के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे, जिनमें जिला बाल संरक्षण इकाई के अधिकारी/कर्मचारी, एकीकृत बाल विकास परियोजना अधिकारी, और सेक्टर पर्यवेक्षक शामिल थे।












