त्योहार के सीजन में मिलावटखोरी पर सख्ती, सभी नमूने भेजे गए भोपाल प्रयोगशाला
खरगोन। The India Speaks Desk
कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल के निर्देशानुसार दीपावली त्यौहार के मद्देनज़र जिले के शहरी एवं ग्रामीण इलाकों में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सोमवार को बड़े स्तर पर छापामार कार्यवाही की। इस दौरान विभिन्न दुग्ध उत्पाद, तेल, मिठाई एवं अन्य खाद्य पदार्थों की दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया और कुल 13 प्रतिष्ठानों से खाद्य नमूने एकत्रित कर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए।
कलेक्टर के निर्देश पर की गई सघन जांच
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री एच.एल. आवास्या ने बताया कि निरीक्षण के दौरान खरगोन शहर में शारदा ट्रेडर्स जवाहर मार्ग से घी के दो नमूने, संजय कुमार कन्यालाल गुजराती जवाहर मार्ग से तीली का तेल, बादाम, अंजीर एवं खोपराबुरा, मंयक मार्केटिंग विष्णुपूरी कॉलोनी से घी एवं चॉकलेट, और श्री वैष्णवी किराना टेमला रोड से सोयाबीन तेल, घी एवं कोल्ड ड्रिंक के नमूने एकत्र किए गए।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी खाद्य प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई
ग्रामीण क्षेत्रों में भी खाद्य सुरक्षा अमले ने औचक निरीक्षण किए। जयद श्रीश्याम केटर्स जैतापुर से मावा बर्फी एवं मावा मिठाई, रेषभ दूध डेयरी मोतीपुरा, जगदंबा दूध डेयरी मोतीपुरा तथा महाजन दूध डेयरी दांगी से दूध के नमूने, जैन नमकीन माताचौक बिस्टान से सोयाबीन तेल, सेव एवं मावा मिठाई, न्यू सांवरिया राजस्थान स्वीट्स बेडिया से पिस्ता बर्फी, मलाई बर्फी एवं मावा, प्राची कोल्ड ड्रिंक एंड दूध भंडार सनावद से दूध, बालाजी रेस्टोरेंट सनावद से बेसन, तथा नटखट मावा भंडार सनावद से रसगुल्ला एवं मावा के नमूने जांच हेतु एकत्र किए गए।
नमूने भेजे गए भोपाल प्रयोगशाला
“सभी एकत्रित नमूनों को राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद दोषी विक्रेताओं एवं निर्माताओं पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 तथा नियम 2011 के तहत कार्यवाही की जाएगी।”
— श्री एच.एल. आवास्या, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी
खाद्य सुरक्षा विभाग ने बताया कि दीपावली सीजन में मिलावटखोरी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और आगामी दिनों में भी जिलेभर में औचक निरीक्षण की कार्यवाही लगातार जारी रहेगी। इस दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आर.आर. सोलंकी एवं श्री एन.एस. सोलंकी भी उपस्थित रहे।












