देशभक्ति की मिसाल: राज्यपाल ने कलेक्टर भव्या मित्तल को प्रशस्ति पत्र और ट्रॉफी से किया सम्मानित
खरगोन। The India Speaks Desk
झंडा दिवस वर्ष 2023-24 में खरगोन जिले के नागरिकों और सरकारी कर्मचारियों ने देशभक्ति की अनूठी मिसाल पेश की है। जिले ने झंडा दिवस के तहत दिए गए लक्ष्य से अधिक राशि जमा कर राज्य स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस राशि का उपयोग पूर्व सैनिकों के कल्याण, आर्थिक उत्थान और रोजगार सृजन के लिए किया जाता है।
लक्ष्य से अधिक राशि जमा करने पर मध्यप्रदेश के राज्यपाल श्री मंगू भाई पटेल द्वारा कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल को प्रशस्ति पत्र एवं ट्रॉफी प्रदान की गई। यह सम्मान 31 अक्टूबर को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी, खंडवा विंग कमांडर श्री एम. नासिर ने कलेक्टर को सौंपा।
“यह सम्मान खरगोन जिले के प्रत्येक नागरिक की देशभक्ति और सेवा भावना का प्रतीक है।”
— सुश्री भव्या मित्तल, कलेक्टर, खरगोन
इस अवसर पर जिले के भूतपूर्व सैनिक और वीर नारियाँ भी मौजूद रहीं। प्रमुख रूप से श्रीमती संतोषी बघेल, श्रीमती सोनी, श्रीमती मंगला भावसार, श्रीमती नमृता चौहान, श्री आलोक सोनी तथा पूर्व सैनिक श्री महिपाल सिंह सोलंकी कार्यक्रम में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का माहौल देशभक्ति और गर्व से ओतप्रोत रहा।












