निःशुल्क ओपीडी क्लिनिक के लिए 50 हजार की दवा सहायता, समाज सेवा की परंपरा को आगे बढ़ा रहे निलेश रोकड़िया
बड़वाह। The India Speaks Desk
नगर के सुप्रसिद्ध समाजसेवी, निमाड़ रत्न एवं नगर विकास के लिए सदैव अग्रणी रहने वाले स्वर्गीय श्री सुगनचंद रोकड़िया की पुण्यतिथि पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता सहित नगर के विभिन्न सामाजिक संगठनों और गणमान्य नागरिकों ने भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। सभी वक्ताओं ने उनके समाजसेवी व्यक्तित्व, दूरदर्शिता और नगर हित में किए गए कार्यों को याद किया।
इस अवसर पर स्व. श्री रोकड़िया के सुपुत्र एवं समाजसेवी श्री निलेश रोकड़िया ने अपने पिता के पदचिन्हों पर चलते हुए नगर पालिका द्वारा संचालित निःशुल्क ओपीडी क्लिनिक में आने वाले जरूरतमंद मरीजों की दवाइयों के लिए 50 हजार रुपये के कूपन नगर पालिका अध्यक्ष को भेंट किए।
उन्होंने आश्वस्त किया कि भविष्य में भी क्लिनिक के लिए आवश्यक उपकरण या संसाधन उपलब्ध कराने में वे सदैव सहयोग करेंगे।
मुक्तिधाम विकास को लेकर नपा अध्यक्ष को सौंपा गया आवेदन
कार्यक्रम के दौरान मुक्तिधाम विकास समिति, जो स्व. श्री सुगनचंद रोकड़िया के नेतृत्व में गठित हुई थी, ने नावघाट खेड़ी स्थित मुक्तिधाम के आगामी विकास एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए नगर पालिका अध्यक्ष को आवेदन सौंपा।
बताया गया कि स्व. श्री रोकड़िया की अथक मेहनत और जनसहयोग से यहां दो बड़े शवदाह स्थल, श्रद्धांजलि भवन सहित सर्वसुविधायुक्त मुक्तिधाम का निर्माण प्रारंभ हुआ था, किंतु उनके आकस्मिक निधन के बाद विकास कार्य रुक गया। समिति ने नपा से उनके इस सपने को साकार करने का आग्रह किया।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता ने स्व. श्री रोकड़िया के नगर विकास में दिए गए योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि सांसद एवं विधायक के सहयोग से मुक्तिधाम को सर्वसुविधा संपन्न बनाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
उन्होंने श्री निलेश रोकड़िया द्वारा क्लिनिक के लिए दी गई दवा सहायता की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।
📞 7772828778 | 7723024600
श्रद्धांजलि सभा में स्व. श्री रोकड़िया के मित्र श्री रमेश जोशी, नगर हिंदू संगठन अध्यक्ष श्री रोमेश विजयवर्गीय, बार एसोसिएशन एवं भाजपा नगर मंडल महामंत्री श्री अमई, चैंबर ऑफ कॉमर्स से सुरेश गुप्ता, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष श्री प्रवीण शर्मा, कृष्णगोपाल दांगी, बाबूलाल अग्रवाल, मिडडू भाटिया सहित कई गणमान्य नागरिकों ने अपने विचार रखे।
कार्यक्रम के अंत में श्री निलेश रोकड़िया ने सभी नगरवासियों और संगठनों के प्रमुखों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन नवरत्न जैन ने किया। इस अवसर पर नगर पालिका के पार्षदगण, सीएमओ और अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे।












