सांस्कृतिक यात्राओं, जिम्मेदारियों के बंटवारे और समितियों के गठन पर बनी रणनीति
बड़वाह | The India Speaks
आगामी हिंदू सम्मेलन को सफल और प्रभावशाली बनाने के लिए तैयारियां अब तेज़ हो गई हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को ग्राम ओखला एवं ग्राम बड़ेल में मंडल स्तरीय बैठकों का आयोजन किया गया, जिसमें समाज के वरिष्ठजन, विभिन्न हिंदू संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में सम्मेलन के सफल आयोजन को लेकर जिम्मेदारियों का बंटवारा, विभिन्न समितियों का गठन और सांस्कृतिक यात्राओं के माध्यम से जनसंपर्क बढ़ाने पर गहन चर्चा की गई। कार्यकर्ताओं को अलग-अलग दायित्व सौंपे गए, जिनके निर्वहन की सभी ने शपथ भी ली।
एकता और सांस्कृतिक जागरण का माध्यम बनेगा सम्मेलन
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह हिंदू सम्मेलन समाज में एकता, सांस्कृतिक जागरण और सामाजिक समरसता को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम होगा। यह निर्णय भी लिया गया कि सम्मेलन को शांतिपूर्ण, गरिमामय और व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा।
“प्रत्येक मंडल और गांव में हिंदू समाज आयोजन को विस्तारपूर्वक करेगा, ताकि हर गांव के प्रत्येक हिंदू परिवार की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित हो सके।”
— राजेन्द्र साद, संघ चालक
बैठक में तय किया गया कि मंडल के अंतर्गत आने वाले प्रत्येक गांव में हिंदू समाज के लोगों को आयोजन की जिम्मेदारी दी जाएगी, जिससे सम्मेलन को जन-जन तक जोड़ा जा सके।
इस अवसर पर संघ चालक राजेन्द्र साद, खंड प्रचार प्रमुख लक्ष्मण काग, मंडल संयोजक राजेश चौधरी, गिरीश पुरोहित सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अंत में सभी उपस्थितजनों ने सम्मेलन को ऐतिहासिक रूप से सफल बनाने हेतु सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया।












