सिख समाज की सर्वोच्च संस्था में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में अहम कदम
बड़वाह। The India Speaks Desk
सिख समाज बड़वाह की सर्वोच्च धार्मिक एवं सामाजिक संस्था श्री गुरु सिंह सभा बड़वाह में संगठनात्मक विस्तार के तहत नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की गई। हाल ही में सर्वानुमति से आगामी दो वर्षों के लिए अध्यक्ष निर्वाचित हुए सरदार सुरेंदर सिंह भाटिया द्वारा समिति में अहम जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
अध्यक्ष सरदार सुरेंदर सिंह भाटिया ने सरदार परविंदर सिंह भाटिया (निलु) को सभा का सचिव तथा सरदार हरविंदर सिंह भाटिया को कोषाध्यक्ष नियुक्त किया। दोनों नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने अध्यक्ष द्वारा दिए गए विश्वास और दायित्व के लिए आभार व्यक्त किया।
“हम संचालन समिति और संगत के सहयोग से संगत तथा गुरुद्वारा साहिब के लिए उत्कृष्ट कार्य करने का पूरा प्रयास करेंगे। समाज के वरिष्ठजनों, युवाओं और मातृ शक्ति का सहयोग हमारे लिए प्रेरणा है।”
नव-नियुक्त पदाधिकारियों ने यह भी कहा कि समाज को एकजुट रखते हुए धार्मिक, सामाजिक और सेवा कार्यों को और अधिक सशक्त किया जाएगा।
इस अवसर पर निवर्तमान सचिव सरदार सतविंदर सिंह भाटिया का भी नव-नियुक्त पदाधिकारियों द्वारा सम्मानपूर्वक स्वागत किया गया।
जानकारी अनुसार आगामी 14 जनवरी को श्री गुरु सिंह सभा की कार्यकारिणी का विस्तार किया जाएगा, जिसमें नए पदाधिकारियों की नियुक्ति की जाएगी।
इस अवसर पर सरदार परमजीत सिंह, सरदार गुरबक्श सिंह, सरदार गुलबीर सिंह, सरदार रविंदर सिंह, सरदार सुरजीत सिंह, सरदार सतविंदर सिंह, सरदार गुरभेज सिंह सहित अनेक समाजजनों ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित कीं।












