सिरपुर क्षेत्र में बिना अनुमति चल रहे विकास कार्यों पर चला प्रशासन का डंडा
इंदौर। The India Speaks Desk
जिला प्रशासन ने अवैध रूप से जमीन का समतलीकरण करने और पेड़ों की कटाई के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 17 वाहनों को जप्त किया है। यह कार्रवाई सिरपुर चांदमारी भट्टा, स्कीम नंबर 71 के पास की गई, जहां बिना अनुमति विकासात्मक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं।
एसडीएम मल्हारगंज सुश्री निधि वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि यह कार्रवाई सर्वे नंबर 516/7 की भूमि पर की गई है। उक्त जमीन हरियाणा गृह निर्माण संस्था के माध्यम से लक्ष्मी नारायण सत्यनारायण शर्मा के नाम पर दर्ज है।
“भूमि के अवैध समतलीकरण और वृक्षों की कटाई की सूचना मिलने पर तत्काल स्थल निरीक्षण किया गया और मौके पर कार्रवाई की गई।”
10 जेसीबी और 7 ट्रैक्टर-ट्रॉली जप्त
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि बिना वैधानिक अनुमति के भारी मशीनों से जमीन को समतल किया जा रहा था और पेड़ों की कटाई भी की गई थी। मौके से 10 जेसीबी मशीनें, 6 ट्रैक्टर-ट्रॉली और 1 ट्रैक्टर को जप्त कर लिया गया।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध भूमि उपयोग, पर्यावरण क्षति और नियमों के उल्लंघन पर आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।












