निमरानी में शिक्षा और स्वच्छता को बढ़ावा देने की दिशा में सरपंच की पहल
जिले की कसरावद तहसील के ग्राम पंचायत निमरानी में विद्यार्थियों की सुविधा और स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए एक अहम विकास कार्य की शुरुआत की गई है। ग्राम पंचायत के सरपंच मदन जोशी के प्रयासों से ग्राम के शासकीय प्राथमिक विद्यालय, बाजार चौक के खेल मैदान में सीमेंट ब्लॉक (पेवर) लगाने का कार्य आज से प्रारंभ हो गया है।
विद्यालय परिसर और खेल मैदान में बारिश के दौरान पानी भरने और कीचड़ की समस्या लंबे समय से बनी हुई थी। पेवर ब्लॉक लगने के बाद विद्यार्थियों को इस समस्या से राहत मिलेगी और वे बिना किसी असुविधा के विद्यालय परिसर में गतिविधियां कर सकेंगे।
स्वच्छता बढ़ेगी, बीमारियों से मिलेगी राहत
पेवर लगाए जाने से स्कूल परिसर में गंदगी कम होगी, जिससे मच्छर-मक्खियों का प्रकोप घटेगा और उनसे फैलने वाली बीमारियों की आशंका भी कम होगी। इससे विद्यार्थियों को स्वच्छ, सुरक्षित और स्वास्थ्यकर वातावरण उपलब्ध होगा।
यह विकास कार्य एग्री बिजनेस लिमिटेड (अडानी) कंपनी से स्वीकृत करवाया गया है। इसके अंतर्गत शासकीय प्राथमिक विद्यालय, बाजार चौक के साथ-साथ डॉ. भीमराव अंबेडकर पार्क में भी पेवर ब्लॉक लगाए जाएंगे।
ग्रामवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्राम के लिए उपयोगी और दूरगामी लाभ देने वाला विकास कार्य बताया है।












