डालर चना में गड़बड़ी पकड़ाई, व्यापारी पर ₹20 हजार का अर्थदंड
खरगोन। The India Speaks Desk
आनंद नगर कपास मंडी प्रांगण में 09 अप्रैल 2026 को मंडी प्रशासन एवं व्यापारियों की सतर्कता से एक गंभीर अनियमितता का मामला सामने आया। फुटकर व्यापारी मोहसिन तेली द्वारा निलामी के बाद डालर चना की तौल के दौरान हेराफेरी करने का प्रयास किया गया, जिसे समय रहते पकड़ लिया गया।
वाहन बदलकर हल्का माल तौलने की कोशिश
जानकारी के अनुसार निलामी उपरांत संबंधित फर्म हरमन कोटेक्स एंड सीड्स प्रा. लि. की जिनिंग फैक्ट्री में माल तौल के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान व्यापारी द्वारा वाहन बदलकर हल्का माल तौलने की कोशिश की गई।
मंडी कर्मचारियों एवं उपस्थित व्यापारियों ने तत्परता दिखाते हुए इस संदिग्ध गतिविधि को पकड़ लिया और तत्काल जांच की गई।
पूछताछ में स्वीकार की हेराफेरी
पूछताछ के दौरान संबंधित व्यापारी ने स्वीकार किया कि निलामी के बाद डालर चना में बदलाव किया गया था। इस स्वीकारोक्ति के बाद मंडी प्रशासन ने मामले को गंभीर मानते हुए तुरंत कार्रवाई की।
₹20 हजार का अर्थदंड, तुरंत वसूली
मंडी प्रशासन द्वारा संबंधित व्यापारी पर ₹20,000 (बीस हजार रुपये) का अर्थदंड लगाया गया, जिसकी मौके पर ही वसूली कर ली गई।
भविष्य में सख्त कार्रवाई की चेतावनी
मंडी प्रशासन ने स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि किसी भी व्यापारी द्वारा इस प्रकार की हेराफेरी या अनियमितता की जाती है, तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही सभी व्यापारियों से अपील की गई है कि मंडी में पारदर्शिता, ईमानदारी और नियमों का पूर्ण पालन सुनिश्चित करें।











