मन की उड़ान संस्था के कार्यक्रम में हुआ पुस्तक विमोचन, देशभर के कवि-शायरों ने बांधा समां
करनाल। राजेंद्र करनाल | The India Speaks
मन की उड़ान साहित्यिक संस्था (रजि.) द्वारा बाईसवां “शाम-ए-ग़ज़ल” साहित्यिक कार्यक्रम होटल थ्रोसं, अल्फा सिटी करनाल में भव्य रूप से आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. सुभाष सैनी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. यजुवेंद्र सिंह मैहला एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. पारूल मैहला उपस्थित रहीं।
पुस्तक विमोचन बना आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम के दौरान साहित्यकार डॉ. सुभाष सैनी की बारहवीं पुस्तक “हिन्दी लघुकथा विश्लेषण एवं मूल्यांकन” का विमोचन मुख्य अतिथि व अन्य साहित्यकारों द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि इससे पूर्व भी उनकी 11 पुस्तकें विभिन्न विधाओं में प्रकाशित हो चुकी हैं।
काव्य पाठ में छलका भावनाओं का सागर
कार्यक्रम की शुरुआत अध्यक्ष डॉ. सुभाष सैनी की पंक्तियों से हुई—
“जिन्दगी इक हादसा है आजकल,
सांस लेना भी सजा है आजकल।”
मुख्य अतिथि डॉ. यजुवेंद्र सिंह मैहला ने कहा—
“इस प्रकार के साहित्यिक कार्यक्रम समाज में आपसी भाईचारे की चेतना को जगाने का कार्य करते हैं।”
विशिष्ट अतिथि डॉ. पारूल मैहला ने साहित्य की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा—
“युवा पीढ़ी में अच्छे संस्कार साहित्य के माध्यम से ही आ सकते हैं।”
देशभर के कवि-शायरों ने बिखेरा शब्दों का जादू
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय युवा शायर तनवीर फिरोजाबादी, पूनम गोयल, दलीप खरेरा, इक़बाल पानीपती, रामेश्वर देव, डॉ. आर.बी. कपूर, प्रेम पाल सागर, गुरमुख सिंह वड़ैच, हरबंस पथिक, सुमन मुस्कान, नरेश लाभ, सुषमा चौपड़ा, नूर शम्श इलाहाबादी, रोजलीन, डॉ. हर्ष सेठी, अनुजा कपूर, अशोक मलंग, सिमरनजीत सिंह सहित कई रचनाकारों ने अपनी-अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भाव-विभोर कर दिया।
सम्मान और शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम सम्पन्न
कार्यक्रम के अंत में संस्था की ओर से अध्यक्ष, मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथि को बुक्के, स्मृति चिन्ह व शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। उपस्थित सभी साहित्य प्रेमियों ने संस्था संरक्षक वरिष्ठ शायर डॉ. एस.के. शर्मा के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की।
इस अवसर पर गोपाल दास, नीना अग्रवाल, ईश्वर सिंह, शीला रानी, संजीव कुमार, नवीन कुमार, कमल कुमार सहित बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमी उपस्थित रहे, जिन्होंने कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया।











