शनि जयंती पर 108 दीपों से महाआरती, हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की महाप्रसादी
बड़वाह। The India Speaks Desk
नगर के नर्मदा रोड स्थित प्राचीन शनि मंदिर में शनिवार को शनि जयंती महोत्सव धार्मिक उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। सुबह से देर रात तक चले इस आयोजन में भगवान शनिदेव के पूजन-अभिषेक, महाआरती, भंडारा महाप्रसादी और भजन संध्या में हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। रात 12 बजे भजन संध्या के समापन के साथ महोत्सव संपन्न हुआ।
दुर्लभ संयोग में हुआ शनिदेव का पूजन-अभिषेक
शनिवार, अमावस्या और शनिदेव जन्मोत्सव का विशेष दुर्लभ योग वर्षों बाद बनने पर सुबह से मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। न्याय के देवता भगवान शनिदेव का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक, हवन और पूजन किया गया। इसके बाद विशेष आरती संपन्न हुई।
हजारों भक्तों ने ग्रहण की महाप्रसादी
दोपहर 12 बजे से भंडारा महाप्रसादी का आयोजन प्रारंभ हुआ, जो शाम 7 बजे तक चलता रहा। इस दौरान हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसादी ग्रहण की। विधायक सचिन बिरला ने भी मंदिर पहुंचकर भगवान शनिदेव का पूजन-अभिषेक किया और प्रसादी ग्रहण की।
108 दीपों से हुई भव्य महाआरती
शाम 7 बजे भव्य आतिशबाजी के बीच आचार्य दादू पंडित के मंत्रोच्चार के साथ बैंड-बाजों की धुन पर भगवान शनिदेव की 108 दीपों से महाआरती की गई। नगर के प्रथम नागरिक एवं नपाध्यक्ष राकेश गुप्ता को महाआरती प्रारंभ करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ।
इसके बाद एसडीओपी श्रीमती अर्चना रावत, थाना प्रभारी बलराम सिंह राठौर, हरभजन सिंह भाटिया, सुरेंद्र पंड्या, डॉ. अजय मालवीय, सुरेंद्र जायसवाल, रवि जैन, समिति सदस्य सुनील जायसवाल, मिथुन जोशी सहित अन्य श्रद्धालुओं ने सैकड़ों भक्तों की उपस्थिति में शनिदेव की आरती की।
“शनि जयंती पर श्रद्धालुओं ने तिल, तेल, काली उड़द, नारियल और मिष्ठान अर्पित कर सुख-समृद्धि की कामना की।”
भजनों पर झूम उठे श्रद्धालु
महाआरती के पश्चात प्रसादी वितरण किया गया। इसके बाद आयोजित भजन संध्या में बेटमा के प्रसिद्ध भजन गायक बालक माधव खंडेलवाल ने देर रात तक सुमधुर भजनों की प्रस्तुति दी। भजनों की धुन पर श्रद्धालु देर रात तक नाचते-झूमते नजर आए।
समिति सदस्यों ने संभाली व्यवस्थाएं
शनि जयंती महोत्सव समिति के दीपक खंडेलवाल, सुनील जायसवाल, मिथुन जोशी, आकाश जोशी, श्यामू जोशी, प्रवीण चौहान, अनिल जैन, अंतिम भालसे, दिपेश वर्मा, चेतन दुबे, अंकित देशमुख, दिनेश तंवर, मुकेश जायसवाल, अर्पित जायसवाल और रोहित श्रीवास सहित अन्य सदस्यों ने आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं।












