सिगनूर गांव में संयुक्त दबिश, 11 अवैध हथियार और हथियार बनाने का पूरा कारखाना बरामद
खरगोन। The India Speaks Desk
खरगोन जिले में अवैध हथियारों के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना गोगावां और थाना सनावद की संयुक्त पुलिस टीम ने ग्राम सिगनूर में रूपा नदी किनारे संचालित अवैध फायर आर्म्स निर्माण फैक्ट्री पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में अवैध हथियार और हथियार बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन और वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ सिकलीगर अवैध रूप से हथियार बनाकर उनकी सप्लाई कर रहे हैं। सूचना मिलते ही संयुक्त पुलिस टीम गठित कर मौके पर दबिश दी गई।
मौके पर बन रहे थे अवैध हथियार
पुलिस टीम ने घेराबंदी कर जब कार्रवाई की तो मौके पर पांच व्यक्ति अवैध हथियार बनाते हुए मिले। पूछताछ में उनकी पहचान विकास सिंह सिकलीगर, कान्हा सिकलीगर, सुरजसिंह सिकलीगर, गुरूबादलसिंह सिकलीगर और रोशन सिंह निवासी ग्राम सिगनूर के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से कुल 09 हस्तनिर्मित देशी पिस्टल और 02 देशी कट्टे बरामद किए गए। इसके अलावा अधबने हथियार, बैरल, मैग्जीन, ग्राइंडर मशीन, हथियारों के सांचे और अन्य उपकरण भी मौके से जब्त किए गए।
हथियार निर्माण का पूरा सेटअप मिला
दबिश के दौरान पुलिस को मौके से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली बड़ी मात्रा में सामग्री मिली। बरामद सामग्री में अधबनी पिस्टल, बैरल, ग्राइंडर मशीन, मैग्जीन, सांचे, भट्टी ब्लोअर, हथौड़ी, पेचकस, रेती, चिमटे और अन्य उपकरण शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार जब आरोपियों से इन हथियारों और उपकरणों के संबंध में वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे गए तो वे कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
2.75 लाख रुपये का मशरुका जब्त


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से बरामद हथियारों और निर्माण सामग्री सहित लगभग 2 लाख 75 हजार रुपये मूल्य का मशरुका जब्त किया है। आरोपियों के विरुद्ध थाना गोगावां में अपराध क्रमांक 171/26 के तहत धारा 25(1)(क) आर्म्स एक्ट के अंतर्गत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
पहले भी दर्ज हैं आर्म्स एक्ट के मामले
प्राथमिक पूछताछ में सामने आया है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आर्म्स एक्ट के मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि तैयार किए जा रहे हथियारों की सप्लाई कहां-कहां की जाती थी और इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल है।
“अवैध हथियारों के निर्माण, खरीदी-बिक्री और तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इस कार्रवाई से अवैध हथियार नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है।” — पुलिस विभाग
इन आरोपियों को किया गया गिरफ्तार
- विकास सिंह सिकलीगर (19 वर्ष)
- कान्हा सिकलीगर (30 वर्ष)
- सुरजसिंह सिकलीगर (40 वर्ष)
- गुरूबादलसिंह सिकलीगर (22 वर्ष)
- रोशन सिंह (19 वर्ष)
सभी आरोपी ग्राम सिगनूर, जिला खरगोन के निवासी हैं।
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में एसडीओपी भीकनगांव राकेश आर्य के मार्गदर्शन में थाना गोगावां, थाना सनावद, पुलिस लाइन और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों और जवानों के समन्वित प्रयास से अवैध हथियार निर्माण के इस नेटवर्क का खुलासा संभव हो सका।











