विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने किया कन्या एवं बालक छात्रावास का भूमिपूजन, ग्रामीण विद्यार्थियों को मिलेगा आवासीय शिक्षा का लाभ
खरगोन। The India Speaks Desk
मध्य प्रदेश शासन की शिक्षा क्षेत्र में सर्वांगीण विकास की अवधारणा को साकार करने की दिशा में संदीपनी विद्यालय टेमला को बड़ी सौगात मिली है। विद्यालय परिसर में 100 सीटर कन्या छात्रावास एवं 100 सीटर बालक छात्रावास के निर्माण कार्य का भूमिपूजन सोमवार को संपन्न हुआ। क्षेत्रीय विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने विधिवत पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को मिलेगा लाभ
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने कहा कि संदीपनी विद्यालय मध्य प्रदेश शासन की एक महत्वपूर्ण योजना है, जिसका उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि नए छात्रावासों के निर्माण से ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों, विशेष रूप से अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, किसान परिवारों और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्र-छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि अब दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले विद्यार्थियों को रहने की सुविधा विद्यालय परिसर में ही उपलब्ध होगी, जिससे उनकी पढ़ाई और बेहतर हो सकेगी तथा वे शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान स्थापित कर सकेंगे।
उत्कृष्ट परीक्षा परिणामों पर दी बधाई
विधायक श्री पाटीदार ने विद्यालय के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षा परिणामों की सराहना करते हुए प्राचार्य और समस्त शिक्षकीय स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने आगामी वर्षों में विद्यालय के परिणामों को प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट बनाने के लिए निरंतर प्रयास करने का आह्वान किया।
विद्यालय स्टाफ ने भी विधायक को आश्वस्त किया कि आगामी शैक्षणिक सत्र में विद्यार्थियों के प्रदर्शन को और बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
“नए छात्रावासों के निर्माण से ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा उपलब्ध होगी, जिससे उनके उज्ज्वल भविष्य का मार्ग प्रशस्त होगा।”
— बालकृष्ण पाटीदार, विधायक
बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और ग्रामीण रहे उपस्थित
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में भूपेंद्र पाटीदार (मंडल अध्यक्ष), राजेश पाटीदार (अध्यक्ष जल उपभोक्ता समिति), मयाराम पाटीदार, भगवान पाटीदार (सरपंच प्रतिनिधि), हेमराज पाटीदार (जनपद प्रतिनिधि), रमेशचंद्र पाटीदार (शिक्षक संघ प्रांतीय उपाध्यक्ष), उपसरपंच वासुदेव पाटीदार, संकुल प्रभारी भागीरथ पाटीदार, जनजातीय कार्य विभाग के एई आर.के. राय एवं सब इंजीनियर सिद्धार्थ मौर्य सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, शिक्षक एवं विद्यालय स्टाफ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य अशोक सिंह पवार ने की। संचालन योगेश गर्दे द्वारा किया गया तथा आभार प्रदर्शन कार्यक्रम अधिकारी संतोष जायसवाल ने व्यक्त किया।












