खरगोन | बड़वाह | द इंडिया स्पीक्स | सतीश अमौरा की रिपोर्ट
नगर पालिका बड़वाह एवं विंध्याचल वेस्ट मैनेजमेंट के सहयोग से ओम मां नर्मदा सेवा समिति मूक-बधिर विद्यालय में एक विशेष स्वच्छता एवं स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों को वर्षा ऋतु में होने वाली बीमारियों से बचाव तथा व्यक्तिगत स्वच्छता के बारे में शिक्षित करना रहा।
🧒🏻 बच्चों को सिखाई गई हाथ धोने की 7-स्टेप तकनीक
कार्यक्रम में नगर पालिका की टीम ने दिव्यांग बच्चों को बताया कि गंदगी से डेंगू, मलेरिया, डायरिया और हैजा जैसी बीमारियां कैसे फैलती हैं और उनसे कैसे बचा जा सकता है।
बच्चों को हाथ धोने की 7 चरणों वाली वैज्ञानिक विधि प्रायोगिक रूप से सिखाई गई, ताकि वे इसे अपने दैनिक जीवन में अपनाकर संक्रमण से सुरक्षित रह सकें।
👥 नगर पालिका टीम ने की अपील – स्वच्छता को जीवन में उतारें
कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष राकेश गुप्ता, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुलदीप किंशुक और स्वास्थ्य अधिकारी प्रकाश चीते मौजूद रहे। अधिकारियों ने बच्चों से स्वच्छता को जीवनशैली का हिस्सा बनाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में बच्चों ने नगर पालिका अध्यक्ष को उनके जन्मदिवस पर मधुर स्वर और सांकेतिक भाषा में शुभकामनाएं प्रेषित कर माहौल को भावुक बना दिया।
🙌 समर्पित प्रयासों से सफल हुआ आयोजन
इस सफल आयोजन में विंध्याचल वेस्ट मैनेजमेंट के समन्वयक निखिल वर्मा, विद्यालय संचालक जे. एस. कदम, पारुल कदम और विद्यालय स्टाफ की भूमिका सराहनीय रही।












