खरगोन। The India Speaks Desk। मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान 2026 के तहत खरगोन जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सितंबर माह में चार स्थानों पर रोजगार शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में आयोजित इन शिविरों में विभिन्न प्रतिष्ठित कंपनियों द्वारा रिक्त पदों पर युवाओं की भर्ती की जाएगी।
इन चार स्थानों पर होंगे रोजगार शिविर
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 3 सितंबर को सामुदायिक टीन शेड, बामंदा, कसरावद में रोजगार शिविर आयोजित होगा। इसके बाद 11 सितंबर को महालक्ष्मी मंदिर प्रांगण, ऊन में शिविर लगाया जाएगा।
18 सितंबर को नर्मदा भवन, जलकोटी रोड, महेश्वर में रोजगार शिविर होगा, जबकि 25 सितंबर को रेवा गुर्जर धर्मशाला, डुडगांव बेड़िया, बड़वाह में शिविर आयोजित किया जाएगा।
सभी शिविरों का समय सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक रहेगा।
8वीं से स्नातकोत्तर तक के युवा हो सकेंगे शामिल
रोजगार शिविर में 8वीं से स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं आईटीआई उत्तीर्ण युवा शामिल हो सकेंगे। इसके लिए आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होना आवश्यक है।
शिविर में ये दस्तावेज लाना जरूरी
इच्छुक युवाओं को अपनी शैक्षणिक योग्यता की अंकसूचियां, रिज्यूम/सीवी, रोजगार कार्यालय का पंजीयन, समग्र आईडी, अन्य प्रमाण-पत्रों की छायाप्रतियां तथा पासपोर्ट साइज के दो फोटो साथ लाने होंगे।
रोजगार शिविर में शामिल होने के लिए समग्र आईडी अनिवार्य है।
रोजगार शिविर में नहीं लगेगा कोई शुल्क
जिला प्रशासन ने जिले के पात्र युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार शिविरों में उपस्थित होकर उपलब्ध रोजगार अवसरों का लाभ उठाने की अपील की है। रोजगार शिविर में शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।
अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 07282-232787 पर संपर्क किया जा सकता है।











