गोगावां पुलिस की कार्रवाई में दो देशी पिस्टल बरामद, आरोपी गिरफ्तार | पुलिस महानिरीक्षक से लेकर थाने तक चला एक्शन प्लान
खरगोन, 17 जुलाई 2025 | द इंडिया स्पीक्स
अवैध हथियारों के नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए खरगोन पुलिस ने एक और बड़ा एक्शन लिया है। जिले के गोगावां थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो भिंड से दो देशी पिस्टल खरीदकर लाया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से हथियार जब्त कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। बरामद हथियारों की अनुमानित कीमत ₹50,000 बताई गई है।
IG–DIG से लेकर SP तक की मॉनिटरिंग में बनी कार्ययोजना
इंदौर जोन के पुलिस महानिरीक्षक श्री अनुराग और निमाड़ रेंज के उप पुलिस महानिरीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा ने जिले में अवैध हथियारों की तस्करी पर अंकुश लगाने के निर्देश दिए थे। इन्हीं निर्देशों के पालन में खरगोन पुलिस अधीक्षक श्री धर्मराज मीना और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती शकुंतला रुहल ने जिले भर के थाना प्रभारियों को मुखबिर तंत्र को सक्रिय करने और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के आदेश दिए थे।
गोगावां थाना प्रभारी निरीक्षक एम.आर. रोमड़े के नेतृत्व में गठित टीम ने एक अहम सफलता हासिल करते हुए इस अवैध खरीद-फरोख्त को दबोच लिया।
📞 7772828778 | 7723024600
मुखबिर की सूचना पर हुई फुर्तीली कार्रवाई
दिनांक 15 जुलाई 2025 को गोगावां पुलिस को सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति, जो संभवतः अवैध हथियार खरीदकर आया है, यात्री प्रतीक्षालय के पास बारवा मिल, घुघिरयाखेड़ी क्षेत्र में खड़ा है। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर आरोपी को पकड़ा।
पुलिस द्वारा पकड़े गए युवक ने अपना नाम सौरभ पिता शशिकांत शर्मा (उम्र 33 वर्ष), निवासी मिहोना, जिला भिंड बताया। तलाशी के दौरान उसके बैग से दो देशी पिस्टल बरामद हुईं। सौरभ के पास किसी प्रकार का वैध दस्तावेज या लाइसेंस नहीं था, जिसके बाद उसे तत्काल गिरफ्तार कर लिया गया।
कानूनी कार्रवाई और पूछताछ जारी
गोगावां पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 281/25 धारा 25(1) आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां पुलिस रिमांड की मांग की गई है ताकि उससे अवैध हथियार नेटवर्क के बारे में गहराई से पूछताछ की जा सके।
पुलिस टीम को मिलेगा सम्मान
इस कार्रवाई में अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री राकेश आर्य के मार्गदर्शन में निरीक्षक एम.आर. रोमड़े, प्रआर भोला द्विवेदी, प्रआर परसराम, आरक्षक जितेंद्र, मोहम्मद फारुख, विशाल, आशीष सहित गोगावां पुलिस टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक द्वारा टीम को जल्द ही पुरस्कृत किया जाएगा।












