1 मई से शुरू होगी डिजिटल जनगणना, मोबाइल ऐप से होगा सर्वे
बड़वाह | The India Speaks
मध्यप्रदेश में 1 मई 2026 से शुरू होने जा रहे डिजिटल जनगणना अभियान को लेकर द्वितीय चरण का तीन दिवसीय प्रशिक्षण बड़वाह शासकीय कॉलेज में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण में कर्मचारियों को डिजिटल प्रक्रिया के तहत सर्वेक्षण और डेटा अपलोड करने की विधि सिखाई गई।
मोबाइल ऐप से घर-घर सर्वे, सीधे सर्वर पर डेटा अपलोड
प्रशिक्षण के दौरान सभी प्रशिक्षार्थियों को मोबाइल एप के माध्यम से सर्वे करने और डेटा अपलोड करने की प्रक्रिया सिखाई गई। प्रशिक्षण प्रभारी नवीन दुबे ने बताया कि इस बार जनगणना पूरी तरह डिजिटल होगी, जिसमें कागज और पेन का उपयोग नहीं किया जाएगा।
33 सवालों से जुटेगी जानकारी, गोपनीयता का रहेगा ध्यान


प्रशिक्षक सतविंदर सिंह भाटिया ने बताया कि प्रगणक घर-घर जाकर कुल 33 प्रश्न पूछेंगे। इसमें मकान की स्थिति, परिवार के सदस्यों की संख्या, मुखिया की जानकारी, खान-पान की आदतें तथा घर में उपलब्ध संसाधनों जैसी जानकारियां शामिल होंगी। साथ ही नागरिकों की जानकारी पूरी तरह सुरक्षित रखी जाएगी।
“जनगणना कार्य पूरी गंभीरता और सावधानी से किया जाए, ताकि किसी प्रकार की त्रुटि न हो।”
अधिकारियों ने किया निरीक्षण, फील्ड डेमो भी कराया
तहसीलदार शिवराम कनासे, नायब तहसीलदार विजयपाल सिंह चौहान एवं निशा कनाश ने प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। प्रशिक्षण के दौरान कर्मचारियों को फील्ड में ले जाकर HLO एप के माध्यम से 33 प्रश्नों का डेमो भी कराया गया।
इस बार जनगणना में आम नागरिकों को ‘स्व-गणना’ की सुविधा भी दी गई है, जिसके तहत वे स्वयं पोर्टल पर जाकर अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। प्रशिक्षण के अंत में कर्मचारियों का लघु परीक्षण भी लिया गया।
प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर राजेश आटूदे, सतविंदर सिंह भाटिया, पंकज चौधरी, सौरभ शर्मा, अभिषेक शर्मा, उमेश बिरले सहित कुशल सराफ, गौरीशंकर शर्मा, जगन्नाथ शारदे, चंद्रकांत रावल और मुकेश गोटवाल ने सहयोग दिया।










