लाइसेंस और दस्तावेज नहीं मिलने पर सख्ती, SDM भीकनगांव की कार्रवाई
भीकनगांव। The India Speaks Desk
जिले में अवैध भंडारण और बिना लाइसेंस व्यापार के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। एसडीएम भीकनगांव श्री लोकेश छापरे के नेतृत्व में ग्राम सोनवाड़ा स्थित एक गैर अनुज्ञप्तिधारी व्यापारी के गोदाम पर औचक निरीक्षण किया गया।
434 क्विंटल अनाज का अवैध भंडारण उजागर
संयुक्त निरीक्षण दल (राजस्व एवं मंडी) द्वारा की गई जांच में गोदाम में लगभग 210 क्विंटल गेहूं और 224 क्विंटल चना का भंडारण पाया गया। निरीक्षण के दौरान जब व्यापारी से भंडारण एवं व्यापार से संबंधित वैध लाइसेंस, अनुमति पत्र और किसानों से किए गए क्रय-विक्रय का विवरण मांगा गया, तो वह कोई भी दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
दस्तावेज न होने पर मौके पर पंचनामा, गोदाम सील
दस्तावेजों के अभाव में मामला प्रथम दृष्टया नियमों के उल्लंघन का पाया गया। प्रशासनिक दल द्वारा मौके पर पंचनामा तैयार करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की गई और गोदाम को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
“अवैध भंडारण, बिना लाइसेंस व्यापार और किसानों के हितों के खिलाफ किसी भी गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
जांच जारी, आगे भी चलेगा सघन अभियान
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और संबंधित अधिनियमों के तहत आगे की वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जिलेभर में इस प्रकार की अनियमितताओं पर नजर रखते हुए आगे भी सघन निरीक्षण अभियान जारी रहेगा।










