बड़वाह। सेवा सेतु अभियान के अंतर्गत नगर पालिका परिषद बड़वाह में “सरकार आपके द्वार” कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों ने स्टॉल लगाकर नागरिकों से जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवेदन प्राप्त किए।
शिविर में अलग-अलग योजनाओं के कुल 501 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के 130 आवेदन, जबकि संबल योजना एवं पेंशन योजना से संबंधित 300 आवेदन शामिल रहे। अधिकारियों के अनुसार इनमें से करीब 350 आवेदनों का निराकरण किया गया।
स्थानीय स्तर पर योजनाओं का लाभ दिलाने की पहल
कार्यक्रम का शुभारंभ अनुविभागीय अधिकारी राजस्व सत्यनारायण दर्रो, मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुलदीप किंशुक, पार्षद रोहित चौरसिया, मजहर अली, पार्षद प्रतिनिधि अनिल कानूनगो, विजय महाजन, विजय सोनी, विकासखंड शिक्षा अधिकारी श्री वर्मा और बीएमओ श्री मिमरोट सहित अन्य अतिथियों ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन कर किया।
मुख्य नगर पालिका अधिकारी कुलदीप किंशुक ने बताया कि शिविर का उद्देश्य विभिन्न विभागों की योजनाओं से पात्र हितग्राहियों को जोड़ना और उनके आवेदनों का स्थानीय स्तर पर निराकरण करना है।
एसडीएम सत्यनारायण दर्रो ने कहा कि इस तरह के शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का स्थानीय स्तर पर समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है।
अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली नशामुक्ति की शपथ
कार्यक्रम के दौरान एसडीएम सत्यनारायण दर्रो ने उपस्थित नागरिकों और कर्मचारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई। उन्होंने नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक सतविंदर सिंह भाटिया ने किया। शिविर में विभिन्न शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे और बड़ी संख्या में नागरिकों ने योजनाओं का लाभ लेने के लिए आवेदन प्रस्तुत किए।









