राजस्थान के बड़ी खाटू में आयोजित कबीर जयंती महोत्सव-2026 में समाजसेवा, हिंदी साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान पर किया गया सम्मानित
करनाल | राजेंद्र करनाल
करनाल के सामाजिक कार्यकर्ता एवं मन की उड़ान साहित्यिक संस्था (पंजीकृत), हरियाणा के संस्थापक रामेश्वर दास को राजस्थान के नागौर जिले स्थित अखिल भारतीय कबीर मठ, बड़ी खाटू में आयोजित भव्य कबीर जयंती महोत्सव-2026 के दौरान प्रतिष्ठित ‘कबीर कोहिनूर राष्ट्रीय सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें समाजसेवा, हिंदी भाषा, साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए यह राष्ट्रीय सम्मान प्रदान किया गया।
सम्मान समारोह में देश-विदेश की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर श्री मठ कांशी से श्री राघव दास महाराज, भारत भूषण डॉ. नानक दास महाराज, भामाशाह मेघराज सिंह रायल, स्पेन की यूरोपीय अभिनेत्री एवं फिल्म निर्देशक सिल्विया डे ला रोजा सांजो, पद्मश्री कालूराम बामनिया, स्पेन से आध्यात्मिक विश्व गुरु महर्षि उमेश योगी, देहरादून से पद्मश्री डॉ. भूपेंद्र कुमार, नागौर से पद्मश्री हिम्मताराम भांभू तथा संस्कार न्यूज़ के प्रधान संपादक विजय कुमार शर्मा सहित अनेक विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
11 राज्यों की 21 प्रतिभाओं को मिला सम्मान
समारोह के दौरान देश के 11 राज्यों से समाज, शिक्षा, साहित्य एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 21 प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। रामेश्वर दास को प्रशस्ति-पत्र, स्मृति-चिह्न एवं सम्मान-पदक भेंट कर सम्मानित किया गया।
25 वर्षों से समाजसेवा, 5 वर्षों से साहित्य साधना
कार्यक्रम में वक्ताओं ने रामेश्वर दास के सामाजिक, शैक्षिक एवं साहित्यिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे लंबे समय से समाजसेवा, हिंदी भाषा के प्रचार-प्रसार और साहित्य के संवर्धन के लिए समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि रामेश्वर दास पिछले 25 वर्षों से सामाजिक एवं शैक्षणिक गतिविधियों तथा पिछले पांच वर्षों से साहित्यिक क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
सम्मान पर जताया आभार
राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त करने के बाद रामेश्वर दास ने अखिल भारतीय कबीर मठ सतगुरु कबीर आश्रम सेवा संस्थान, बड़ी खाटू का आभार व्यक्त किया। उनकी इस उपलब्धि पर साहित्यकारों, शिक्षकों, समाजसेवियों एवं शुभचिंतकों ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।












