बड़वाह | द इंडिया स्पीक्स ब्यूरो रिपोर्ट
नगरपालिका परिषद कार्यालय में ब्रह्माकुमारीज संस्था द्वारा आयोजित रक्षाबंधन पर्व को स्नेह मिलन एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से परिपूर्ण माहौल में मनाया गया। इस विशेष अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता, सीएमओ श्री कुलदीप किंशुक सहित सभी पार्षद एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
परमात्मा से जुड़ाव का संदेश और सकारात्मक चिंतन पर बल
बी.के. वीणा दीदी ने अपने आशीर्वचनों में नगर के सतत विकास के लिए मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए सभी को रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं। वहीं, बी.के. अनीता दीदी ने रक्षा बंधन के आध्यात्मिक रहस्य को उजागर करते हुए कहा कि “तिलक, गठान और मिठाई हमें यह स्मरण कराते हैं कि हम सभी के मन के तार परम रक्षक परमात्मा से जुड़े रहें।”
उन्होंने सकारात्मक सोच, मधुर व्यवहार एवं सत्कर्मों के प्रति दृढ़ संकल्प बनाए रखने का संदेश दिया।
🎁 राखी, तिलक, स्मृति चिन्ह और स्नेह से सजी समारोह की झलक
समारोह में नगर पालिका के कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों को राखी बांधने के साथ-साथ तिलक एवं स्वल्पाहार भी कराया गया। कार्यक्रम के अंत में नपा अध्यक्ष श्री राकेश गुप्ता एवं सीएमओ श्री कुलदीप किंशुक ने ब्रह्माकुमारीज दीदियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन नितिन भाई साहब द्वारा किया गया एवं समस्त उपस्थितजनों ने ब्रह्माकुमारीज संस्था के इस प्रयास की सराहना की।












