3 नवंबर को नगर कीर्तन और 4 नवंबर को बाल कवि दरबार का आयोजन, सिक्ख संगत में उत्साह
बड़वाह। The India Speaks Desk
सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर बड़वाह सिक्ख संगत द्वारा 12 दिवसीय विशेष कार्यक्रमों की श्रृंखला प्रारंभ की गई है।
इस पवित्र अवसर पर शहरभर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल देखने को मिल रहा है।
9 दिनों तक प्रभात फेरियां, श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल
बड़वाह सिख समाज के अध्यक्ष सरदार रविंदर सिंह ने बताया कि आरंभ के नौ दिनों तक प्रभात फेरियां निकाली जाएंगी।
आज प्रथम दिवस की प्रभात फेरी गुरुद्वारा साहेब से प्रारंभ होकर शिवाजी मार्ग, कुमार मोहल्ला, कस्तूरबा मार्ग, जय स्तंभ चौराहा और मुख्य चौराहे से होती हुई पुनः गुरुद्वारा साहेब पहुंची।
इस दौरान सिख एवं गैर-सिख संगत द्वारा पुष्पवर्षा और स्वागत के साथ भव्य आतिथ्य प्रदर्शित किया गया।
3 नवंबर को नगर कीर्तन और 4 नवंबर को बाल कवि दरबार
आयोजन समिति ने बताया कि 3 नवंबर को नगर कीर्तन शोभायात्रा पूरे हर्षोल्लास के साथ निकाली जाएगी।
इसके पश्चात 4 नवंबर को गुरुद्वारा साहेब परिसर में बाल कवि दरबार आयोजित किया जाएगा, जिसमें बच्चों द्वारा गुरु पर आधारित कविता-पाठ और धार्मिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
5 नवंबर को होगा मुख्य आयोजन
मुख्य आयोजन 5 नवंबर को गुरुद्वारा साहेब में होंगे, जहां सुबह और शाम दोनों समय कीर्तन, अरदास और लंगर सेवा का आयोजन रहेगा।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के उपस्थित रहने की संभावना है।
सिक्ख संगत से की गई अपील
समाज के सचिव द्वय सरदार मनप्रीत सिंह एवं सरदार सतविंदर सिंह ने बड़वाह की समस्त सिक्ख संगत से अपील की है कि वे हर कार्यक्रम में तन, मन और धन से सहभागिता करें।
“यह आयोजन केवल उत्सव नहीं, बल्कि गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है।”












