इंदौर-इच्छापुर हाइवे पर लापरवाही, बारिश में बने गड्ढे अब भी जस के तस
बड़वाह। The India Speaks Desk
बड़वाह क्षेत्र में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं के बीच इंदौर-इच्छापुर स्टेट हाइवे पर बने खतरनाक गड्ढे आम लोगों के लिए गंभीर खतरा बनते जा रहे हैं। काटकूट फाटे से लेकर बड़वाह तक सड़क किनारे बने गहरे गड्ढे अब तक प्रशासन की नजरों से ओझल हैं, जिससे हर दिन दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।
⚠️ 2 से 6 फीट तक गहरे गड्ढे, कहीं पेवर ब्लॉक तो कहीं खुला किनारा
हाइवे के किनारों की हालत बेहद खराब है। कहीं शोल्डर पर अधूरे पेवर ब्लॉक पड़े हैं तो कहीं 2 फीट से लेकर 6 फीट तक गहरे गड्ढे खुले हुए हैं। काटकूट फाटे से बड़वाह के बीच ऐसे करीब 4 खतरनाक स्पॉट सामने आए हैं, जो कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकते हैं।
🚨 ओवरटेक के दौरान बढ़ जाता है खतरा
यह सड़क दो लेन की है, ऐसे में यदि सामने से कोई वाहन ओवरटेक करता हुआ आ जाए तो किनारे चल रहे वाहन चालक के पास बचने का कोई विकल्प नहीं रहता। ऐसे में वाहन सीधे सड़क से नीचे उतरकर इन गड्ढों में गिर सकते हैं, जिससे जानलेवा हादसे हो सकते हैं।
🛑 प्रशासन की अनदेखी पर उठ रहे सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि ये गड्ढे पिछले बारिश सीजन से बने हुए हैं और अब गर्मियों तक जस के तस बने हुए हैं। बावजूद इसके प्रशासन ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
🎤 अधिकारी का वर्जन
खंडवा परियोजना निदेशक श्री सोनी से इस संबंध में बातचीत की गई, जिस पर उन्होंने कहा—
“मैं अभी तुरंत मौके की जांच करवाता हूं और स्थिति के अनुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
📢 जनहित में उठाया मुद्दा
The India Speaks ने इस गंभीर मुद्दे को जनहित में उठाया है। अब देखने वाली बात यह होगी कि प्रशासन इस खतरे को समय रहते दूर करता है या फिर किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जाएगा।












