कानूनी अधिकार, साइबर सुरक्षा व लैंगिक समानता पर छात्राओं को मिला मार्गदर्शन
खरगोन। The India Speaks Desk
“नारी शक्ति वंदन पखवाड़ा” के अंतर्गत शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, खरगोन में 16 अप्रैल 2026 को “कानूनी अधिकार, साइबर सुरक्षा एवं कार्यस्थल पर लैंगिक समानता” विषय पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को उनके अधिकारों, डिजिटल सुरक्षा तथा समान अवसरों के प्रति जागरूक करना रहा।
विशेषज्ञ ने दी महत्वपूर्ण जानकारी
कार्यक्रम में विषय विशेषज्ञ के रूप में सुश्री तृप्ति जायसवाल, सहायक प्राध्यापक (विधि), शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन उपस्थित रहीं। उन्होंने महिलाओं से जुड़े प्रमुख कानूनी अधिकारों, वर्तमान डिजिटल युग में साइबर अपराधों से बचाव के उपायों तथा कार्यस्थल पर लैंगिक समानता के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
“महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहना चाहिए और किसी भी प्रकार के अन्याय के विरुद्ध सशक्त रूप से खड़ा होना चाहिए।”
साइबर सुरक्षा पर विशेष जोर
व्याख्यान के दौरान साइबर सुरक्षा से संबंधित सावधानियों, ऑनलाइन उत्पीड़न से निपटने के तरीकों एवं शिकायत की विधिक प्रक्रिया की भी विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म का सुरक्षित उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
उत्साहपूर्ण सहभागिता
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण की गरिमामयी उपस्थिति रही तथा छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर विषय के प्रति अपनी रुचि और जागरूकता का परिचय दिया।











