भारतीय मजदूर संघ के आव्हान पर प्रदेशभर में एकसाथ होगा आंदोलन
खरगोन। The India Speaks Desk
प्रदेशभर में आउटसोर्स कर्मचारियों की विभिन्न मांगों को लेकर 21 अप्रैल 2026 (मंगलवार) को जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन और रैली आयोजित की जाएगी। इसी क्रम में खरगोन में भी कर्मचारियों द्वारा संगठित आंदोलन किया जाएगा।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सभी कर्मचारी दोपहर 12:30 बजे गणेश मंदिर पर एकत्रित होंगे। यहां से रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर दोपहर 2 बजे प्रशासन को अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपेंगे।
कर्मचारियों की प्रमुख मांगें


आउटसोर्स कर्मचारियों ने अपनी मांगों में कई महत्वपूर्ण मुद्दे शामिल किए हैं। इनमें प्रदेश में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए निगम या मंडल का गठन, श्रम कानूनों का सख्ती से पालन, न्यूनतम वेतन और सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रमुख है।
इसके साथ ही कर्मचारियों ने समान कार्य के लिए समान वेतन लागू करने, ठेकेदारों द्वारा किए जा रहे शोषण पर रोक लगाने, 8 घंटे से अधिक कार्य नहीं कराने और अतिरिक्त समय के लिए ओवरटाइम देने की मांग उठाई है। साथ ही ईएसआईसी, ईपीएफ सहित सभी वैधानिक सुविधाएं सुनिश्चित करने की बात भी कही गई है।
संगठन के मार्गदर्शन में होगा आयोजन
यह कार्यक्रम भारतीय मजदूर संघ मध्य प्रदेश के आव्हान पर आयोजित किया जा रहा है। आयोजन प्रदेश महामंत्री कुलदीप सिंह गुर्जर और संभाग प्रभारी राजन नायर के मार्गदर्शन में संपन्न होगा।
जिले में समन्वय के लिए पंकज मलतारे (विभाग प्रमुख), लोकेंद्र वर्मा (जिलाध्यक्ष) और नरेंद्र पटेल (जिला मंत्री) सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। वहीं प्रदेश मीडिया प्रभारी करण चौहान द्वारा भी कार्यक्रम को लेकर जानकारी साझा की गई है।
आयोजकों ने सभी आउटसोर्स कर्मचारियों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर अपनी मांगों को मजबूती से उठाने की अपील की है।












