यातायात व्यवस्था सुधारने और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई लगातार जारी
ओंकारेश्वर। The India Speaks Desk
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों को लेकर ओंकारेश्वर नगर परिषद द्वारा अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था सुधारने की कार्रवाई लगातार जारी है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर मंगलवार को नगर परिषद की टीम ने पुराने बस स्टैंड मार्ग से जेपी चौक तक मुख्य सड़क की नपती की।
18 मीटर चौड़ी सड़क के अनुसार हुई नपती
नगर परिषद उपयंत्री सुरेश पाटीदार ने बताया कि सिंहस्थ 2028 को ध्यान में रखते हुए मुख्य मार्ग को व्यवस्थित करने की दिशा में कार्रवाई की जा रही है। यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने के उद्देश्य से मुख्य सड़क के सेंटर से दोनों ओर 9-9 मीटर यानी कुल 18 मीटर (करीब 30 फीट) की नपती की गई।
“वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर कार्रवाई लगातार जारी है। जैसे-जैसे निर्देश प्राप्त होंगे, आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।”
— सुरेश पाटीदार, उपयंत्री, नगर परिषद ओंकारेश्वर
नागरिकों से सहयोग की अपील
नगर परिषद टीम ने शहरवासियों से प्रशासनिक कार्रवाई में सहयोग करने की अपील की है। परिषद अधिकारियों का कहना है कि सिंहस्थ जैसे बड़े धार्मिक आयोजन को ध्यान में रखते हुए शहर की यातायात व्यवस्था और सुविधाओं को बेहतर बनाया जा रहा है।












