सुरपाला बैडी में सनसनीखेज वारदात, पूछताछ में पति ने कबूला जुर्म
खरगोन। The India Speaks Desk
खरगोन जिले के ऊन थाना क्षेत्र में एक महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और इसी शक के चलते उसने पत्नी की हत्या कर शव को नाले के पास फेंक दिया।
खेत के पास नाले में मिला था महिला का शव
पुलिस के अनुसार 28 मई 2026 को सूचना मिली थी कि ग्राम सुरपाला बैडी स्थित खेत के पास नाले में एक महिला का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलने पर थाना ऊन पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू की।
जांच के दौरान मृतका की पहचान संगीताबाई पति मुकेश निवासी सुरपाला बैडी के रूप में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर यह स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत गंभीर चोट लगने के कारण हुई है।
हत्या का मामला दर्ज कर शुरू की गई जांच
मामले में थाना ऊन पर अपराध क्रमांक 168/2026 के तहत धारा 103(1) एवं 238(A) भारतीय न्याय संहिता (BNS) के अंतर्गत अपराध दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुंतला रुहल तथा एसडीओपी रोहित लखारे के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक दिनेश सोलंकी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
चरित्र पर संदेह करता था आरोपी
जांच के दौरान पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों से पूछताछ की। इस दौरान जानकारी मिली कि मृतका का पति मुकेश अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह करता था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। वह कई बार जान से मारने की धमकी भी दे चुका था।
प्राप्त तथ्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी मुकेश को हिरासत में लेकर मनोवैज्ञानिक एवं तकनीकी तरीके से पूछताछ की।
“पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि 27 मई 2026 को उसने अपनी पत्नी संगीता की मारपीट कर हत्या कर दी और शव को नाले के पास फेंक दिया।”
आरोपी गिरफ्तार, न्यायालय में पेशी
पुलिस ने आरोपी मुकेश पिता गोमला भील निवासी सुरपाला बैडी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका
मामले के खुलासे में एसडीओपी रोहित लखारे के मार्गदर्शन एवं थाना प्रभारी दिनेश सोलंकी के नेतृत्व में चौकी प्रभारी सेगांव उप निरीक्षक गजेन्द्र सिंह चौहान सहित थाना ऊन एवं पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।












