सिविल अस्पताल मंडलेश्वर की नई बिल्डिंग में लाखों की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
मंडलेश्वर। The India Speaks Desk
मंडलेश्वर स्थित सिविल अस्पताल की नई भवन में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने सुनसान पड़ी नई अस्पताल बिल्डिंग को निशाना बनाकर करीब दो माह के दौरान 4 से 5 बार चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, नकदी और वारदात में इस्तेमाल किए गए वाहन सहित लगभग 7.80 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया है।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर चली जांच
पुलिस महानिरीक्षक इंदौर ग्रामीण अनुराग एवं निमाड़ रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक सिद्धार्थ बहुगुणा के निर्देश पर जिले में संपत्ति संबंधी अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। पुलिस अधीक्षक रविंद्र वर्मा के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शकुंतला रुहल के मार्गदर्शन में मंडलेश्वर पुलिस को मामले की जांच सौंपी गई थी।
निरीक्षण के दौरान सामने आई थी चोरी
18 मई 2026 को मेडिकल ऑफिसर द्वारा थाना मंडलेश्वर में सूचना दी गई थी कि सिविल अस्पताल की नई बिल्डिंग के निरीक्षण के दौरान कई कमरों के ताले टूटे हुए मिले। जांच में ऑक्सीजन फ्लोमीटर कनेक्टर, ऑक्सीजन जंक्शन बॉक्स कंट्रोलर, लगभग 300 मीटर कॉपर ऑक्सीजन पाइप, फायर सिलेंडर, एसी यूनिट, सीसीटीवी कैमरा और अन्य सामग्री गायब पाई गई।
अस्पताल की छत पर लगे दरवाजे का नकुचा टूटा हुआ मिला, जिससे आशंका जताई गई कि चोर छत के रास्ते भवन में दाखिल हुए और अलग-अलग कमरों के ताले तोड़कर सामान चोरी कर ले गए।
सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली सफलता
थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज तिवारी के नेतृत्व में गठित टीम ने अस्पताल और आसपास के सभी संभावित मार्गों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। साथ ही मुखबिर तंत्र को भी सक्रिय किया गया।
जांच के दौरान पुलिस को मंडलेश्वर निवासी सोनू उर्फ अजय, गोलू उर्फ गौतम और लक्की तंवर के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी मिली। पुलिस ने तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने पिछले दो माह के दौरान 4 से 5 बार अस्पताल भवन में चोरी करना स्वीकार किया।
भंगार में बेच देते थे चोरी का माल
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी के बाद वे सामान को भंगार में बेच देते थे। पुलिस ने आरोपियों से चोरी का शेष सामान, 30 हजार रुपये नकद, तीन आरी तथा वारदात में प्रयुक्त मारुति वैन, इको वाहन और मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार चोरी का माल खरीदने वाला भंगार व्यापारी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है। जल्द ही उसकी गिरफ्तारी भी की जाएगी।
“सुनसान पड़ी नई अस्पताल बिल्डिंग को आरोपियों ने आसान निशाना समझ लिया था। लगातार तकनीकी और फील्ड जांच के जरिए पुलिस ने पूरे मामले का खुलासा कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।”
गिरफ्तार आरोपी
- सोनू उर्फ अजय शर्मा (26 वर्ष), निवासी सब्जी मंडी के पीछे, मंडलेश्वर
- गोलू उर्फ गौतम तंवर (24 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 2, मंडलेश्वर
- लक्की तंवर (20 वर्ष), निवासी अस्पताल के पीछे, मंडलेश्वर
पुलिस टीम की अहम भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक पंकज तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक प्रवीण निकुम, सहायक उप निरीक्षक एल.एन. बड़ोदिया, प्रधान आरक्षक अनिल कुशवाह, दिनेश रोमडे, आरक्षक अमित पाल, शैलेश दुबे, आशीष, कपिल मीना, शिवकुमार, राजकुमार दुबे, गब्बर सिंह तथा साइबर सेल के अभिलाष डोंगरे का विशेष योगदान रहा।












