अवैध फायर आर्म्स तस्करी नेटवर्क पर पुलिस का शिकंजा, हरियाणा और राजस्थान तक फैले कनेक्शन की जांच तेज
खरगोन। The India Speaks Desk
खरगोन पुलिस ने अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए 55 हजार रुपये के इनामी आरोपी गुरूनाम उर्फ हैप्पी और उसके साथी हरपाल सिकलीगर को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के कब्जे और निशानदेही पर पुलिस ने 8 देशी पिस्टल और 3 देशी कट्टे बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2.45 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी लंबे समय से अवैध फायर आर्म्स तस्करी नेटवर्क में सक्रिय थे और इनके खिलाफ मध्य प्रदेश के अलावा हरियाणा, राजस्थान, पंजाब और दिल्ली में भी विभिन्न प्रकरण दर्ज हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को पहले से दर्ज आर्म्स एक्ट के मामलों में गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से आगे की पूछताछ के लिए रिमांड लिया जाएगा।
तीन थानों की संयुक्त घेराबंदी में दबोचे गए आरोपी
पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में थाना गोगावां, सनावद और जैतापूर की संयुक्त टीम ने मुखबिर सूचना के आधार पर कार्रवाई की। सूचना मिली थी कि आर्म्स एक्ट के मामलों में फरार गुरूनाम उर्फ हैप्पी और हरपाल बिना नंबर की पल्सर बाइक से इंदौर की ओर जाने वाले हैं।
सूचना मिलते ही तीनों थानों की टीमों ने रणनीतिक घेराबंदी की। पुलिस को दोनों संदिग्ध भीकनगांव-सनावद मार्ग पर तेज रफ्तार बाइक से जाते दिखाई दिए, जिन्हें ग्राम नलवा पुलिया के पास रोककर गिरफ्तार कर लिया गया।
जंगल में छिपाकर रखे थे हथियार
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को हथियारों के एक गुप्त ठिकाने की जानकारी दी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने अंजनगांव और सिगनुर के बीच स्थित एक पानी की टंकी के पीछे बबूल के पेड़ के नीचे पत्थरों में छिपाकर रखे गए हथियार बरामद किए।
बरामद हथियारों में 8 देशी पिस्टल और 3 देशी कट्टे शामिल हैं। पुलिस का मानना है कि ये हथियार विभिन्न राज्यों में सप्लाई किए जाने थे।
पहले भी पकड़ा गया था हथियारों का जखीरा
पुलिस ने बताया कि इसी प्रकरण में पहले हरियाणा निवासी आरोपी रजत को गिरफ्तार किया गया था। उसके कब्जे से 6 अवैध पिस्टल, 4 अतिरिक्त मैगजीन और 10 जिंदा कारतूस बरामद किए गए थे। साथ ही हथियारों के परिवहन में प्रयुक्त लगभग 25 लाख रुपये कीमत की हरियाणा पासिंग स्कॉर्पियो वाहन भी जब्त की गई थी।
पूछताछ के दौरान रजत ने ही गुरूनाम उर्फ हैप्पी और हरपाल के नाम उजागर किए थे, जिसके बाद पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी।
कई राज्यों में दर्ज हैं गंभीर मामले
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गुरूनाम उर्फ हैप्पी पर मध्य प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में आर्म्स एक्ट के कुल 10 मामले दर्ज हैं। वहीं हरपाल सिकलीगर पर चोरी, जुआ और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में कई प्रकरण दर्ज हैं।
विशेष रूप से गुरूनाम उर्फ हैप्पी पर इंदौर STF, हरियाणा की CIA, जयपुर ग्रामीण और कोटा पुलिस के भी मामले दर्ज होना उसके अंतरराज्यीय नेटवर्क की ओर संकेत करता है।
“अवैध हथियार निर्माण, खरीद-फरोख्त और तस्करी के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए अभियान जारी रहेगा। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आरोपियों और सप्लाई चैन की जानकारी जुटाई जा रही है।”
29 लाख रुपये से अधिक का कुल मशरुका जब्त
इस पूरे प्रकरण में अब तक पुलिस द्वारा बरामद हथियारों, कारतूसों, वाहन और अन्य सामग्री सहित कुल लगभग 29 लाख रुपये मूल्य का मशरुका जब्त किया जा चुका है। पुलिस को उम्मीद है कि रिमांड के दौरान पूछताछ में अवैध हथियार तस्करी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
पुलिस टीम को मिली सफलता
इस कार्रवाई में एसडीओपी भीकनगांव राकेश आर्य के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी गोगावां दीपक यादव, थाना प्रभारी सनावद धर्मेन्द्र यादव, थाना प्रभारी जैतापूर सुदर्शन कलोसिया सहित तीनों थानों की संयुक्त टीम और साइबर सेल खरगोन का विशेष योगदान रहा।












